चंपत राय और अनिल मिश्रा का त्यागपत्र मिला, अगली बैठक में होगा विचार : श्रीराम जन्मभूमि न्यास

चंपत राय और अनिल मिश्रा का त्यागपत्र मिला, अगली बैठक में होगा विचार : श्रीराम जन्मभूमि न्यास
Facebook WhatsApp

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्रीराम मंदिर चढ़ावे से जुड़े विवाद के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र (न्यास) के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरी ने बताया है कि महामंत्री चंपत राय और न्यासी अनिल मिश्रा का त्यागपत्र मिला है।उन्होंने बताया कि न्यास अपनी आगामी बैठक में इस पर विचार करेगा।

न्यास के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरी ने शनिवार को जारी विज्ञप्ति में कहा है कि श्रीराम मंदिर में पिछले कुछ दिनों से सुनी घटनाओं से हम स्तब्ध, आहत और अत्यंत दुखी है। समस्त रामभक्तों और रामसेवकों के प्रतिनिधि के रूप में यहां सेवा करने वाले हम इसकी न्यायपूर्ण जांच एवं रामभक्तों को आश्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। न्यास ने स्पष्ट किया है कि महामंत्री चंपत राय और न्यासी अनिल मिश्र से त्यागपत्र प्राप्त हुआ है, जिस पर न्यास अपनी आगामी बैठक में विचार करेगा।

न्यास के कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि ने रामभक्तों को आश्वस्त किया है कि जिन भक्तों ने चांदी की ईंटें, आभूषण आदि प्रभु श्रीराम की सेवा में अर्पण के लिए न्यास के अधिकारियों को व्यक्तिशः सौंपी है, वे वस्तुएं सुरक्षित हिसाब सहित उपलब्ध है।

उन्होंने आगे बताया कि मंदिर के दानपात्रों से प्राप्त राशि की घटना के संबंध मे न्यास के निवेदन पर उत्तर प्रदेश शासन द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) से प्राप्त अंतरिम प्रतिवेदन के आधार पर न्यास ने एफआईआर की प्रविष्टि की है और उसपर वैधानिक कार्रवाई जारी है। हम सभी को विश्वास दिलाते हैं कि भविष्य में कोई दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति ना बने ऐसा सुनिश्चित करेंगे। अपराधियों को वैधानिक यथायोग्य कड़ा दंड मिलें, इसके आग्रही रहेंगे।

कोषाध्यक्ष ने कहा कि कुछ असामाजिक, अधार्मिक और स्वार्थी तत्व इस पूरे विवाद की आड़ में सनातन धर्म पर लांछन लगाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने सभी से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर प्रसारित की जा रही भ्रामक और निराधार अफवाहों से स्वयं बचें और अन्य लोगों को भी इसका शिकार होने से बचाएं। न्यास को विश्वास है कि विवाद के ये बादल जल्द छटेंगे और सत्य का प्रकाश सबके सामने आएगा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page