एम्स में दीपावली पर पटाखों से आंखों और शरीर में चोट के 152 मामले पहुंचे, 18 मरीजों की आंखों की सर्जरी

एम्स में दीपावली पर पटाखों से आंखों और शरीर में चोट के 152 मामले पहुंचे, 18 मरीजों की आंखों की सर्जरी
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। दीपावली पर पटाखों से झुलसने और आंखों में चोट लगने के करीब 152 मामले यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में पहुंचे। इनमें 42 मरीज जलने की चोटों के साथ पहुंचे, जबकि करीब 110 मरीजों का डॉ. राजेंद्र प्रसाद नेत्र विज्ञान केंद्र की आपातकालीन सेवा में उपचार किया गया।जलने के 11 मरीजों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। वहीं, आंखों में गंभीर चोट के कारण 18 मरीजों की सर्जरी की गई और 20 अन्य की सर्जरी की योजना है।

एम्स के प्लास्टिक, रिकंस्ट्रक्टिव और बर्न्स सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. मनीष सिंघल ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि जलने के 42 मामलों में 11 गंभीर थे, जबकि 31 मरीजों को मामूली चोटें आई थीं। इनका उपचार कर छुट्टी दे दी गई। घायलों में करीब 18 बच्चे 18 वर्ष तक की उम्र के थे। युवाओं के हाथों, खासकर दाएं हाथ में अधिक चोटें आईं। पटाखों में अनार से चेहरे और हाथों पर सबसे ज्यादा जलने की चोटें आईं। पोटाश से जलने के दो मामले भी सामने आए।

डॉ. सिंघल के अनुसार, पिछले साल दीपावली के दौरान दो से तीन दिन तक आए मरीजों को मिलाकर जलने के करीब 95 मामले दर्ज किए गए थे। इस बार अब तक 42 मामले आए हैं। अगले दो से तीन दिनों में और मरीज आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि दीपावली के आसपास अस्पताल में जलने के मामले आते रहते हैं और इस बार अब तक के आंकड़े लगभग सामान्य हैं।

वहीं, एम्स की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 08 नवंबर को दीपावली के दिन और 09 नवंबर तक आंखों में चोट के करीब 110 मामले आए। इनमें अधिकांश पटाखों से जुड़ी चोटें थीं। कुल 72 मरीजों को ऐसी चोटें आई थीं, जिनसे उनकी आंखों की रोशनी को खतरा नहीं था। उनका बिना सर्जरी के उपचार किया गया।

एम्स के अनुसार, 18 मरीजों की आंखों के कॉर्निया में छेद और कटने जैसी गंभीर चोटें थीं। इनकी आपातकालीन ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी की गई। इसके अलावा 20 अन्य मरीजों की सोमवार को सर्जरी की योजना बनाई गई है। आंखों में चोट के मामलों में भी अधिकांश मरीज बच्चे और युवा थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page