महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के एमबीए छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट
मोतिहारी। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रबंधन विज्ञान विभाग के एमबीए सत्र 2024–26 के पाँच छात्रों का प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन हुआ है। इनमें आयुष कुमार, रितेश कुमार सोनू, विशाल कुमार सिंह एवं उत्तम कुमार का चयन श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड में तथा रौशन कुमार का चयन तिरुपति स्कैफोल्डिंग एंड शटरिंग, बेंगलुरु में हुआ है।
चयनित विद्यार्थियों को उनकी योग्यता एवं दक्षता के आधार पर विभिन्न प्रबंधकीय, विपणन एवं व्यवसाय विकास संबंधी दायित्व सौंपे जाएंगे। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, समर्पण तथा विभाग द्वारा प्रदान किए गए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन का प्रतिफल है। चयनित विद्यार्थियों को आकर्षक वेतन पैकेज के साथ करियर विकास के उत्कृष्ट अवसर प्राप्त होंगे।
इस उपलब्धि पर महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण तथा उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये विद्यार्थी अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
प्रबंधन विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. सपना सुगंधा ने भी सभी चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता विभाग की शैक्षणिक उत्कृष्टता, उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
विभाग के अन्य संकाय सदस्यों प्रो. सरोज रंजन, डॉ. शिवेन्द्र सिंह, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. कमलेश कुमार तथा डॉ. राजीव रंजन चौबे ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल व्यावसायिक जीवन की शुभकामनाएँ दीं।
चयनित विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विभाग तथा निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग एवं प्रेरणा को दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में प्राप्त ज्ञान, कौशल एवं व्यावहारिक अनुभव ने उन्हें कॉर्पोरेट जगत की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने के लिए तैयार किया है।

