सीवान के दो परीक्षा केंद्रों से पकड़े गए आरोपी, मोतिहारी और गोपालगंज में भी दे चुके थे परीक्षा : एसपी

सीवान के दो परीक्षा केंद्रों से पकड़े गए आरोपी, मोतिहारी और गोपालगंज में भी दे चुके थे परीक्षा : एसपी
Facebook WhatsApp

सिवान। केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) परीक्षा के दौरान सीवान में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है।पुलिस ने दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे दो फर्जी परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया है।उनके पास से कई कूटरचित दस्तावेज, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि 17 जून को आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा की प्रथम एवं द्वितीय पाली के दौरान सरस्वती शिशु मंदिर परीक्षा केंद्र तथा दाउद मेमोरियल उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस टीम ने दो संदिग्ध अभ्यर्थियों को पकड़कर पूछताछ की।

गिरफ्तार युवकों ने अपनी पहचान क्रमशः निवासी पटना के पीरबहोर थाने के त्रिलोकी कुमार का पुत्र सियाराम कुमार तथा जहानाबाद जिले के मंजोश थाना क्षेत्र के राजेश्वर यादव का पुत्र गौतम कुमार के रूप में बताई।

जांच और सत्यापन के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वे वास्तविक अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे थे।पुलिस जांच में उनके पास से बरामद प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और अन्य पहचान दस्तावेजों में गंभीर विसंगतियां पाई गईं। कई कूटरचित दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वे इससे पहले भी दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे चुके हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि 14 जून को मोतिहारी और गोपालगंज में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा में भी वे फर्जी अभ्यर्थी बनकर शामिल हुए थे।

एसपी पुरन कुमार झा ने कहा कि यह मामला केवल दो फर्जी अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि असली अभ्यर्थी कौन हैं, उन्हें परीक्षा में बैठाने की व्यवस्था किसने की और इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा बरामद दस्तावेजों को जब्त कर लिया गया है।मामले की गहन जांच के साथ संभावित मास्टरमाइंड और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी जारी है।पुलिस की इस कार्रवाई से सिपाही भर्ती परीक्षा में सक्रिय फर्जीवाड़ा गिरोहों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page