30 दिन में जनता का काम नहीं तो अधिकारियो का निलंबन तय,अपराधी को बिहार छोड़ना होगा : सम्राट चौधरी

30 दिन में जनता का काम नहीं तो अधिकारियो का निलंबन तय,अपराधी को बिहार छोड़ना होगा : सम्राट चौधरी
Facebook WhatsApp

सीवान।बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पचरुखी प्रखंड के पपौर पंचायत में आयोजित ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ सहयोग शिविर में हिस्सा लेते हुए जिले को 415.18 करोड़ रुपये की 44 विकास योजनाओं की सौगात दी।इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के आवेदन का 30 दिनों के भीतर निपटारा नहीं करने वाले कर्मी और पदाधिकारी 31वें दिन निलंबित कर दिए जाएंगे।विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग शिविर व्यवस्था देश में अपनी तरह की अनूठी पहल है।

उन्होंने दावा किया कि अब तक राज्यभर में तीन लाख तीन हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत का निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि 30 दिनों में जनता का काम हर हाल में पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।मुख्यमंत्री ने बिहार में सुशासन और कानून व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि अपराधी किसी जाति या धर्म का हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। अपराधी को या तो बिहार छोड़ना पड़ेगा या फिर जेल जाना पड़ेगा। अपराध के लिए अब कोई जगह नहीं बची है, सम्राट चौधरी ने शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव का संकेत देते हुए घोषणा की कि जिन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां जुलाई से कॉलेज शुरू किए जाएंगे।

साथ ही प्रत्येक प्रखंड में आधुनिक मॉडल स्कूल स्थापित कर छात्रों को नीट, जेईई और आईआईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।ऊर्जा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले दो वर्षों में 25 लाख गरीब एवं बीपीएल परिवारों के घरों पर मुफ्त सोलर संयंत्र लगाए जाएंगे। इससे न केवल बिजली उपलब्ध होगी बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन पर लोगों को आर्थिक लाभ भी मिलेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के बाद सामान्य मरीजों को जिला अस्पतालों से रेफर नहीं किया जाएगा। अस्पतालों में बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।मुख्यमंत्री ने सीवान में चीनी मिल स्थापित करने की मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए मुख्य सचिव और जिला प्रशासन को भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि सरकार चीनी उद्योग, डेयरी, मत्स्य पालन और सहकारिता क्षेत्र को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार समृद्ध होगा तभी भारत विकसित होगा और वर्ष 2030 तक एक करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सीवान की सांसद विजयलक्ष्मी, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, विधायक देवेश कांत सिंह, विधायक हेमनारायण साह, करनजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, इंद्रदेव सिंह पटेल, विष्णु देव पासवान, भीष्म प्रताप सिंह, पूर्व सांसद ओम प्रकाश यादव, कविता सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी, जदयू अध्यक्ष विकास कुमार सिंह, रंजीत प्रसाद,संजय पांडे सहित कई एनडीए के नेता उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page