चिरैया पुलिस ने कुख्यात अभियुक्त को किया गिरफ्तार
-वर्षों से थी पुलिस को उसकी तलाश
चिरैया। स्थानीय थाना की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए विभिन्न आपराधिक मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे एक कुख्यात अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान थाना क्षेत्र के सपगढ़ा गांव निवासी ध्रुप राय का पुत्र अमोद राय (50 वर्ष) के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष अंबेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध चिरैया थाना कांड संख्या 590/23 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार अमोद राय कई संगीन मामलों में वांछित था। उसके विरुद्ध चिरैया थाना में मारपीट, दंगा, सरकारी कार्य में बाधा, शराबबंदी कानून उल्लंघन, अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित कई कांड दर्ज हैं। वर्ष 2023 से 2025 के बीच दर्ज सात मामलों में वह नामजद अभियुक्त रहा है।
इसके अतिरिक्त पुलिस अभिलेखों के अनुसार अमोद का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है। उसके विरुद्ध वर्ष 2003, 2008 तथा 2019 में भी चिरैया थाना में दंगा, हत्या के प्रयास, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।
छापेमारी टीम में शामिल सब इंस्पेक्टर मधुकर कुमार ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आम लोगों से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

