समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचने में सहायक सिद्ध होगा विकसित भारत सम्मेलन : राधामोहनग
-सांसद राधा मोहन सिंह की अध्यक्षता में सम्मेलन की तैयारियों की हुई समीक्षा
मोतिहारी। जिला मुख्यालय स्थित गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” की तैयारियों को लेकर रविवार को सर्किट हाउस में स्थानीय सांसद की अध्यक्षता में बैठक हुई।जिसमें सामाजिक संगठन, संगठन, व्यवसायी संघ, धार्मिक संस्थान एवं आध्यात्मिक संस्थान के प्रतिनिधियों ने भागीदारी निभाई। बैठक में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए विभिन्न समितियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों तथा आगामी विकास दृष्टि को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।
यह सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के प्रति जनभागीदारी का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक लोगों को सम्मेलन से जोड़ें तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों, शिक्षकों, चिकित्सकों, व्यापारियों, बुद्धिजीवियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करें। समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से सम्मेलन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में सांसद राधा मोहन सिंह, उद्योग एवं खेल मंत्री, बिहार सरकार श्रेयसी सिंह एवं सभी विधायकगण उपस्थिति रहेंगे। बैठक में कार्यक्रम संयोजक उपमहापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, व्यवस्था प्रमुख अखिलेश कुमार सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी उपस्थित लोगों ने सम्मेलन को ऐतिहासिक, भव्य एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।

