जिला मुख्यालय में शीघ्र होगा आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ
मोतिहारी। कला एवं संस्कृति विभाग, एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्त्वावधान मे आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत संचालन जिला मुख्यालय में शीघ्र शुरु होने जा रहा है। जहां कला के क्षेत्र मे बड़े सपने संजोए कला – प्रतिभाओ को संगीत एवं नृत्य का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी फहद सिद्दीकी ने बताया कि जून के अंतिम सप्ताह मे आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ हो जाएगा। बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग ने राज्य के प्रत्येक जिलो में कला – प्रतिभाओ को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के संचालन का निर्णय लिया है। जहाॅ खासकर युवा वर्ग तथा सभी उम्र के कलाकारो को उचित प्रशिक्षण के माध्यम से कला मे पारंगत किया जाएगा।
जिससे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के मंचो पर खुद को स्थापित करने का उन्हें बेहतर व सुनहरा अवसर मिल सके। प्रशिक्षण केंद्र का संचालन शहर के महात्मा गाॅधी प्रेक्षागृह मे होगा। जिसमें फिलहाल शास्त्रीय गायन, कथक नृत्य एवं तबलावादन का प्रशिक्षण नि: शुल्क दिया जाएगा।
इस प्रशिक्षण के लिए नामांकन प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। श्री सिद्दीकी ने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी समाहरणालय स्थित जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय से नामांकन फार्म प्राप्त कर सकते है तथा इस संबंध मे विशेष जानकारी के लिए उनके कार्यालय से संपर्क भी स्थापित कर सकते हैं।

