सरोतर अलुआहा टोला की चर्चित चोरी कांड का पुलिस ने किया उदभेदन , आभूषण दुकानदार सहित तीन धराए
गिरफ्तार दो चोरों पर डुमरियाघाट,कल्याणपुर, केसरिया और रघुनाथपुर थाने में दर्ज है कई मामले
मोतिहारी/डुमरियाघाट। पुलिस ने एक शातिर चोर गिरोह के दो चोर सहित एक आभूषण दुकानदार को चोरी के जेवर के साथ गिरफ्तार किया है। डुमरियाघाट और छतौनी पुलिस ने संयुक्त कारवाई कर यह उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही चोरों के पास से एक बाइक भी बरामद की गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार चोरों की निशानदेही पर मोतिहारी छतौनी के जेवर दुकानदार को गिरफ्तार किया है, जो लाखो की लूट का जेवर खरीद कर तपाने के साथ ही गला दिया था। इस मामले में डुमरियाघाट थाना कांड स. 150/26 दर्ज कर अनुसंधान के क्रम में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। घटना के अनुसंधान के दौरान घटनास्थल के समीप लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, टावर डम्प विश्लेषण, मानवीय सूचना एवं अन्य अनुसंधानात्मक तथ्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
तत्पश्चात गठित पुलिस टीम द्वारा छापामारी कर शातिर चोर दुखी सहनी, पिता स्व. मैनेजर सहनी, सा. बनपरुआ, थाना डुमरियाघाट, जिला पूर्वी चम्पारण एवं चंदन सहनी, पिता स्व. पन्नालाल सहनी, सा. मंजूराहा, थाना रघुनाथपुर, जिला पूर्वी चम्पारण को गिरफ्तार किया गया। वही आभूषण व्यवसाई शिकारगंज थाने के सिरौना निवासी वर्तमान में छतौनी मठिया निवासी रामजी प्रसाद को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार चोरों की निशानदेही पर छतौनी थाना क्षेत्र स्थित रामजी प्रसाद ज्वेलर्स के प्रतिष्ठान एवं आवास पर छापामारी की गई, जहां से चोरी से संबंधित होने के संदेह में भारी मात्रा में सोना एवं चांदी जैसी धातु को बरामद किया गया। बरामद सामानों मे 2 . 25 किलो चांदी और 24 . 84 ग्राम सोने जैसा दिखने वाला धातु जब्त किया गया।
मामले में गिरफ्तार चंदन पूर्व में गृहभेदन एवं चोरी के मामले में जेल जा चुका है। इसके विरुद्ध रघुनाथपुर थाना कांड सं. 714/24 दर्ज है। वहीं दुखी सहनी पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। इसके विरुद्ध केसरिया थाना कांड सं. 20/2005 दर्ज है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष डुमरियाघाट विवेक कुमार बालेंदु, सब इंस्पेक्टर विनीत कुमार, छतौनी के एसआई राहुल देव वर्मा, मिथलेश राम सहित डीआईयू की टीम और सशस्त्र बल शामिल थे।

