स्लीपर टीटीई बेस में सेवानिवृत सीटीआई को दी गई समारोहपूर्वक भावभीनी विदाई
रक्सौल। स्लीपर टीटीई बेस में शुक्रवार को सेवानिवृत होने पर सीटीआई जीनो राम को भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके लंबे सेवा काल की सराहना करते हुए उन्हें ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ एवं अनुशासित रेलकर्मी बताया।
रक्सौल स्लीपर बेस के प्रभारी मुख्य चल टिकट निरीक्षक (शयनयान) रामानंद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समारोह के दौरान 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर सेवानिवृत हो रहे जीनो राम को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन रक्सौल बेस के टीटीआई बिजेन्द्र किशोर मिश्रा ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रक्सौल स्टेशन अधीक्षक अजय राम, पूर्व सीटीटीआई सुधीर कुमार मिश्रा एवं सेवानिवृत सीटीटीआई स्वामी नाथ पंडित सहित अन्य रेल अधिकारियों ने जीनो राम के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी सेवा अवधि में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
अधिकारियों ने कहा कि रेलवे सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ी जिम्मेदारी है, जिसे जीनो राम ने बखूबी निभाया। प्रभारी मुख्य चल टिकट निरीक्षक रामानंद कुमार ने कहा कि किसी भी कर्मचारी के लिए बिना किसी दाग के सेवानिवृत होना गर्व की बात होती है। रेलवे में कार्य करने वाले सभी कर्मचारी यात्रियों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं और पूरी कोशिश करते हैं कि अपने कार्यकाल में उनकी छवि निष्कलंक बनी रहे। जीनो राम इसका जीवंत उदाहरण हैं, जिन्होंने अपने पूरे सेवा जीवन में अनुशासन और ईमानदारी के साथ कार्य किया।
वहीं सेवानिवृत हो रहे सीटीआई जीनो राम ने विदाई समारोह से भावुक होते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेलवे परिवार से उन्हें हमेशा सहयोग और स्नेह मिला। युवा रेलकर्मियों से अपील करते हुए कहा कि सभी कर्मचारी यात्री सेवा को अपना सर्वोच्च कर्तव्य मानते हुए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करें। मौके पर यातायात निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार, स्टेशन मास्टर सतीश जायसवाल, जीआरपी थानाध्यक्ष संजीव कुमार, आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार मिश्रा, सीएस रक्सौल ओम कुमार सिन्हा, वेद प्रकाश कुमार, सीटीआई बलराम मंडल, प्रमोद बैठा, टीटीआई राजेश कुमार, रविन्द्र कुमार, बृजेश कुमार यादव, आदर्श कुमार, विजय कुमार यादव, विवेक पोदार, पूछताछ कार्यालय सहायक नासिर इकबाल सहित बड़ी संख्या में रेल अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

