अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
कोटवा। भोपतपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में रविवार की रात को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पिपराकोठी थाना क्षेत्र के कोटवा पंचायत वार्ड संख्या-13 मठगोपाल निवासी किशोरी दास के 30 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार दास के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि मृतक कृष्णा कुमार दास अपने मामा को उनके घर विशुनपुर गांव छोड़कर बाइक से जमुनिया स्थित अपने ससुराल जा रहा था।
इसी दौरान विशुनपुर गांव के समीप पीछे से तेज रफ्तार से जा रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भोपतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इस मामले की जांच की जा रही है।

