ट्विशा शर्मा मौत मामला : आरोपित पति समर्थ को 7 दिन की पुलिस रिमांड, पासपोर्ट जब्त करने का आदेश

ट्विशा शर्मा मौत मामला : आरोपित पति समर्थ को 7 दिन की पुलिस रिमांड, पासपोर्ट जब्त करने का आदेश
Facebook WhatsApp

-दिल्ली एम्स की टीम कल करेगी दोबारा पोस्टमॉर्टम

भोपाल। अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में उसके पति पर कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। शनिवार को भोपाल जिला कोर्ट ने मुख्य आरोपित और मृतका के पति समर्थ सिंह की 7 दिनों की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली।इसके साथ ही कोर्ट ने ट्विशा के परिजनों की गुहार पर कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपित समर्थ सिंह का पासपोर्ट तत्काल जब्त करने के आदेश भी जारी कर दिया, ताकि वह देश छोड़कर भाग न सके।

इससे पहले शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे पुलिस आरोपित समर्थ को जबलपुर से भोपाल लेकर आई थी और सुरक्षा के लिहाज से कटारा हिल्स थाने के बाहर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कोर्ट में पेशी से पहले शनिवार सुबह जेपी अस्पताल में आरोपित का मेडिकल टेस्ट भी कराया गया।

ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम रविवार को कराया जाएगा। इस हाई-प्रोफाइल केस की निष्पक्षता के लिए एम्स दिल्ली के चार वरिष्ठ डॉक्टरों की एक विशेष मेडिकल टीम गठित की गई है। यह टीम तमाम आधुनिक फॉरेंसिक उपकरणों के साथ शनिवार शाम 6 बजे राज्य सरकार के विशेष चार्टर्ड विमान से भोपाल के लिए रवाना हुई और देर रात यहां पहुंच जायेगी। इसके बाद डॉक्टरों की यह विशेष टीम दोबारा पोस्टमॉर्टम करेगी।

वहीं, ट्विशा की सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह के वकील एडवोकेट ज्ञानेंद्र शर्मा ने कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाने के लिए 7 दिनों की रिमांड मांगी थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। हालांकि हमने इसका विरोध किया था, क्योंकि समर्थ से बरामद करने के लिए कुछ नहीं है। फिर भी हमें कोर्ट के आदेश पर कोई आपत्ति नहीं है। रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद हम जमानत के लिए आवेदन करेंगे।

इधर, ट्विशा के परिजनों ने सास गिरिबाला सिंह को मिल चुकी अग्रिम जमानत को चुनौती दी है। परिजनों की ओर से भोपाल कोर्ट में गिरिबाला की जमानत निरस्त करने के लिए एक आवेदन दायर किया गया है, जिस पर अदालत सोमवार को सुनवाई करेगी।

शनिवार दोपहर भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस का पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की अत्यंत गहराई और निष्पक्षता से जांच कर रही है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस समर्थ सिंह से घटना वाली रात के घटनाक्रम, आपसी पारिवारिक विवाद, मोबाइल चैट, कॉल डिटेल्स और उसकी फरारी के दौरान की कड़ियों को जोड़ेगी। कमिश्नर ने कहा है कि सास गिरिबाला सिंह को तीन बार नोटिस दिए जाने के बावजूद वे जांच में सहयोग करने नहीं आई हैं। उन्होंने कहा कि हम गिरिबाला सिंह से भी पूछताछ करेंगे। कमिश्नर ने ट्विशा के परिजनों को भरोसा दिलाया कि पुलिस की जांच में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

गौरतलब है कि 31 वर्षीय एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा की गत 12 मई को उनके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ट्विशा, भोपाल के कटारा हिल्स स्थित बागमुगालिया एक्सटेंशन निवासी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की बहू थी और उनका पति समर्थ सिंह पेशे से वकील है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page