प्रधानमंत्री ने युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, कहा- विकसित भारत में युवाओं की होगी बड़ी भूमिका

प्रधानमंत्री ने युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, कहा- विकसित भारत में युवाओं की होगी बड़ी भूमिका
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित 19वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को केंद्र सरकार की नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र सौंपे।उन्होंने कहा कि देश का युवा विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाला है और आने वाले वर्षों में नई अर्थव्यवस्था तथा टेक्नोलॉजी आधारित क्षेत्रों में रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन देशभर के हजारों युवाओं और उनके परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। नियुक्ति पाने वाले युवा रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे हैं तथा वे देश की विकास यात्रा के जिम्मेदार भागीदार बनेंगे।

मोदी ने कहा कि हाल ही में उनकी पांच देशों की यात्रा के दौरान दुनिया की बड़ी कंपनियों के प्रमुखों से विस्तृत चर्चा हुई और हर जगह भारत के युवाओं तथा देश की तकनीकी प्रगति को लेकर उत्साह दिखा। उन्होंने कहा कि दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है और भारत विभिन्न देशों के साथ साझेदारी बढ़ाकर युवाओं के लिए नए अवसर तैयार कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि क्लीन एनर्जी, क्रिटिकल मिनरल्स, ग्रीन हाइड्रोजन और सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। स्वीडन, नॉर्वे और इटली जैसे देशों के साथ ग्रीन ट्रांजिशन और सस्टेनेबल टेक्नोलॉजी में सहयोग बढ़ने से भारत भविष्य की क्लीन मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री में मजबूत होगा। यूएई और नॉर्वे के साथ साझेदारी से भारत का शिपबिल्डिंग इकोसिस्टम भी मजबूत होगा, जिससे इंजीनियरों, टेक्निशियनों और स्किल्ड वर्कर्स की मांग बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहा है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के लाखों नए अवसर तैयार हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत तेजी से इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग हब बन रहा है और देश में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग सप्लाई चेन विकसित की जा रही है। आने वाले वर्षों में भारत की 10 बड़ी सेमीकंडक्टर यूनिट्स वैश्विक स्तर पर पहचान बनाएंगी और इनमें युवाओं की बड़ी भूमिका होगी।

मोदी ने कहा कि गांवों में बढ़ती कनेक्टिविटी से किसानों, छोटे व्यापारियों और विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खुले हैं। उन्होंने नारी शक्ति की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि आज बड़ी संख्या में महिला-नेतृत्व वाले स्टार्टअप सामने आ रहे हैं और मुद्रा योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को आर्थिक सहायता मिली है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से सार्वजनिक सेवा को राष्ट्रसेवा और जनसेवा का माध्यम मानकर कार्य करने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि देशभर में आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक करीब 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। 19वां रोजगार मेला देश के 47 स्थानों पर आयोजित किया गया। इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों को रेल, गृह, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग समेत विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में नियुक्ति दी गई।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page