हमीरपुर नाव हादसा : पांच बच्चों समेत छह शव बरामद, प्रभावित परिवारों को सांत्वना देने पहुंचे प्रभारी मंत्री

हमीरपुर नाव हादसा : पांच बच्चों समेत छह शव बरामद, प्रभावित परिवारों को सांत्वना देने पहुंचे प्रभारी मंत्री
Facebook WhatsApp

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में कुरारा थाना क्षेत्र के ग्राम कुतुबपुर मजरा भौली में यमुना नदी में हुए नाव हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।गुरुवार शाम एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीम ने लापता छठवें बच्चे का शव भी बरामद कर लिया। नाव हादसे का संज्ञान लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए थे।

घटनाक्रम के अनुसार शादी समारोह में शामिल होने आए कुछ लोग शाम को तरबूज खाने के लिए नाव से नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान बीच नदी में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। नाव में कुल नौ लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग नदी में डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर, क्षेत्राधिकारी सदर तथा थाना कुरारा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।

एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फ्लड पीएसी तथा स्थानीय गोताखोरों की टीम ने लगातार सर्च अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार हादसे में तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सीएचसी कुरारा भेजा गया। वहीं सर्च अभियान के दौरान बृजरानी पत्नी पप्पू निषाद (35), अर्चना पुत्री सर्वेश (14), रानी पुत्री बच्चन (9), आकांक्षा पुत्री रामहित (9), लव्यांश पुत्र पप्पू (5) घाटमपुर कानपुर नगर निवासी गौरे उर्फ आदित्य (12) पुत्र महेश का शव बरामद किया गया।

घटनास्थल का निरीक्षण अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूट धाम परिक्षेत्र बांदा, जिलाधिकारी अभिषेक गोयल तथा पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने किया। अधिकारियों ने राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इधर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति तथा क्षेत्रीय विधायक मनोज प्रजापति भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता व मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि नाव हादसे में आज एक महिला एवं पांच बच्चों के शव सर्च आपरेशन में मिले हैं। पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई कराय़ी जा रही है।

जलशक्ति राज्य मंत्री पीड़ित परिवारों से मिलेनाव हादसे की सूचना पाकर जलशक्ति राज्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद ने घटनास्थल पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है। मंत्री को देख मृतकों के परिजन फफक-फफक कर रोने लगे। प्रभारी मंत्री ने नाव हादसे में छह लोगों की मौत पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि शासन पीड़ित परिवारों के साथ है। पीड़ितों को आर्थिक मदद मुहैया कराई जाएगी। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद, भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page