दिव्यांशु का भारत सरकार के तीन विभागों में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
हरसिद्धि। प्रखंड क्षेत्र के यादोपुर पंचायत अंतर्गत दुदही गांव निवासी परमानंद प्रसाद एवं अंजू देवी के पुत्र दिव्यांशु कुमार का भारत सरकार के तीन अलग-अलग विभागों में चयन होने से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
खास बात यह है कि तीनों विभागों से चयन पत्र एक साथ डाक के माध्यम से प्राप्त हुआ। दिव्यांशु का चयन आयकर विभाग में निरीक्षक, गृह मंत्रालय के समन्वय निदेशालय तथा गृह मंत्रालय के विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग अंतर्गत महा सर्वेक्षक कार्यालय में अधिकारी पद के लिए हुआ है। दिव्यांशु ने प्रारंभिक शिक्षा गांव के विद्यालय से प्राप्त की।
इसके बाद दसवीं एवं बारहवीं की पढ़ाई सैनिक स्कूल नालंदा से पूरी की। जबकि अबुल कलाम आजाद यूनिवर्सिटी, कोलकाता से बीटेक की डिग्री हासिल की। पिता परमानंद प्रसाद पेशे से शिक्षक हैं, जबकि माता अंजू देवी गृहिणी हैं। दिव्यांशु ने बताया कि वह इनकम टैक्स इंस्पेक्टर के पद पर योगदान देने का निर्णय लिया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, रिश्तेदारों एवं ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के गणमान्य लोग उनके घर पहुंचकर बधाई एवं शुभकामनाएं दे रहे हैं।

