संगठित वाहन चोर गिरोह का खुलासा,दो वाहन समेत तीन चोर गिरफ्तार

संगठित वाहन चोर गिरोह का खुलासा,दो वाहन समेत तीन चोर गिरफ्तार
Facebook WhatsApp


पूर्वी चंपारण। जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है।

इस कार्रवाई में चोरी के दो वाहनों के साथ गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में छतौनी थाना क्षेत्र के बड़ा बरियारपुर निवासी गैरेज संचालक बुलेट राउत, डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के सेमुआपुर निवासी दीनानाथ यादव का पुत्र विकेश यादव तथा रामपुर खजुरिया निवासी सुल्तान मियां का पुत्र मोहम्मद रहमान शामिल हैं।

थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर लक्ष्मीपुर के समीप दारोगा अशोक कुमार शाही के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही वाहन सवार भागने लगे, जिसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर गाड़ी को घेर लिया।

बोलेरो से उतरकर भाग रहे दो युवकों को खदेड़कर पकड़ लिया गया।पकड़े गए दोनों आरोपियों सेमुआपुर के दीनानाथ यादव के पुत्र विकेश यादव और रामपुर खजुरिया के सुल्तान मियां के पुत्र मोहम्मद रहमान से पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हुए। उन्होंने बताया कि वे एक संगठित वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों से वाहन चोरी कर उनके चेसिस और इंजन नंबर बदलकर उन्हें बेचने का काम करते है। इस गिरोह में अन्य कई सदस्य भी सक्रिय हैं, जिनमें सिद्धवालिया थाना क्षेत्र के सिरौली निवासी जितेंद्र सिंह, हरसिद्धि थाना क्षेत्र के धनकी टोला मिलाकना के रोबिन महतो और राजा महतो, तथा कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मननपुर निवासी विजय प्रसाद सहित एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को जानकारी दी कि एक चोरी की मैजिक गाड़ी छतौनी स्थित बुलेट राउत के गैरेज में छिपाकर रखी गई है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैरेज पर छापेमारी की और वहां से चोरी की मैजिक गाड़ी बरामद कर ली। साथ ही गैरेज संचालक बुलेट राउत को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में यह बात सामने आई है कि बुलेट राउत अपने गैरेज की आड़ में चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त का धंधा चलाता था और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर इस अवैध गतिविधि को अंजाम देता था।

पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार तीनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह पर बड़ी चोट पहुंची है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page