वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो.विजय कुमार मल्होत्रा का बुधवार को होगा अंतिम संस्कार

वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो.विजय कुमार मल्होत्रा का बुधवार को होगा अंतिम संस्कार
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का अंतिम संस्कार बुधवार दोपहर को साउथ दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मंगलवार को बताया कि प्रो. मल्होत्रा का पार्थिव शरीर बुधवार दोपहर 12 से 2 बजे तक दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे से उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी। उनका अंतिम संस्कार लोधी रोड श्मशान घाट पर होगा।

उल्लेखनीय है,कि दिल्ली प्रदेश भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रो. मल्होत्रा का मंगलवार सुबह दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 93 वर्ष के थे। प्रो. मल्होत्रा का पार्थिव शरीर एम्स से सुबह 8.45 बजे उनके आवास- 21, गुरुद्वारा रकाबगंज रोड लाया गया।

जहां उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के मंत्री, सांसद और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री मोदी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि प्रो. मल्होत्रा का जीवन सादगी, संगठन और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा।दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रो. मल्होत्रा हमारे वरिष्ठ नेता, दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष और पहले महानगर पार्षद रहे।वे दिल्ली की हर नींव की ईंट उनके द्वारा रखी गई। उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनके जीवन से हम सभी को प्रेरणा मिलती रहेगी।

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने उन्हें भाजपा परिवार का आधारस्तंभ बताते हुए कहा कि उनका जाना एक युग का अंत है।पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि प्रो.विजय मल्होत्रा जनसंघ, भाजपा और अभाविप जैसे संगठनों के संस्थापक सदस्य थे, उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सचदेवा ने कहा, “यह अपूरणीय क्षति है। भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा तक संगठन की मजबूत नींव उन्होंने रखी। हम जैसे अनेक कार्यकर्ताओं के लिए वे हमेशा प्रेरणा स्रोत रहे। सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रो. मल्होत्रा भाजपा के एक ऐसे स्तंभ थे जिन्होंने पार्टी का लालन-पालन किया। उनका निधन ऐसी क्षति है जिसे पूरा नहीं किया जा सकता।

उल्लेखनीय है कि प्रो. विजय मल्होत्रा दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे। वे 1980 में दिल्ली भाजपा के पहले प्रदेश अध्यक्ष बने। उन्होंने 1999 के लोकसभा चुनावों में दक्षिण दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. मनमोहन सिंह को हराया था। प्रो. मल्होत्रा का जन्म 3 दिसंबर 1931 को लाहौर, पंजाब (अब पाकिस्तान) में हुआ था।वे मृदुभाषी व एक कुशल संगठनकर्ता के साथ विलक्षण प्रतिभा के धनी थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page