मासिक अपराध गोष्ठी में मादक पदार्थ की तस्करी पर सख्ती के निर्देश
रक्सौल।अनुमंडल परिसर स्थित सभागार में सोमवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) मनीष आनंद ने की, जिसमें अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए डीएसपी मनीष आनंद ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि गांजा, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए तथा इसमें संलिप्त तस्करों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने की चेतावनी भी दी गई।
बैठक के दौरान विभिन्न थानों में दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए डीएसपी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही फरार अभियुक्तों और कोर्ट वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया गया। नेपाल सीमा से सटे थानों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी करते हुए उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत किया जाए।
इसके अलावा बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी तथा नियमित वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। डीएसपी ने रात्रि के समय बिना स्पष्ट कारण मोटरसाइकिल से घूमने वाले व्यक्तियों की सघन जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में रक्सौल प्रवेक्षी पदाधिकारी निर्भय कुमार राय, इंस्पेक्टर रंजय कुमार रक्सौल रवि कुमार, हरैया किशन कुमार पासवान, छौड़ादानो प्रभात कुमार, नकरदेई भरत कुमार एवं पलनवा के थानाध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।

