यूजीसी एक्ट के विरोध में नवादा सांसद का घेराव,मांगें नहीं मानी तो राष्ट्रव्यापी आंदोलन की चेतावनी
नवादा। बिहार के नवादा में सोमवार को अखिल भारतीय सामान्य जाति संघर्ष मोर्चा के बैनर तले यूजीसी एक्ट के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नवादा सांसद विवेक ठाकुर के संसदीय कार्यालय पहुंचकर अपनी नाराजगी जताई और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।इस प्रदर्शन का नेतृत्व मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार श्री कर रहे थे, जिनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद विवेक ठाकुर को एक स्मारक पत्र (ज्ञापन) सौंपा, जिसमें यूजीसी एक्ट को लेकर अपनी आपत्तियों और मांगों को विस्तार से रखा गया। इस अवसर पर सांसद विवेक ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे इस मुद्दे को गंभीरता से लेंगे और देश के प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री के समक्ष इसे उठाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस विषय पर उचित पहल करेंगे।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार श्री ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि यूजीसी एक्ट को लेकर समाज के एक बड़े वर्ग में असंतोष व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कानून सामान्य वर्ग के हितों के खिलाफ है और इससे सामाजिक संतुलन प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि सरकार इस एक्ट पर पुनर्विचार करे और सभी वर्गों की भावनाओं का ध्यान रखे।
राजेश कुमार श्री ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो संगठन राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन का राजनीतिक असर भी पड़ेगा और इसका खामियाजा भारतीय जनता पार्टी को भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
प्रदर्शन में पूर्व मुखिया मुकेश कुमार, मनोज कपूर सहित मोर्चा के 100 से अधिक सदस्य शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में यूजीसी एक्ट के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की और सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

