बिहटा एयरपोर्ट व दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर का सीएम नीतीश कुमार ने किया निरीक्षण,दिए निर्देश
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर और बिहटा एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य तेजी से और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहटा एयरपोर्ट परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने साइट मैप के जरिए रन-वे, यात्री सुविधाओं और कनेक्टिविटी से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए निर्माण की गुणवत्ता में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने दानापुर-बिहटा एलिवेटेड पथ से एयरपोर्ट को जोड़ने वाली सड़क का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर के बनने से पटना से बिहटा तक पहुंचना तेज और आसान होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहटा एयरपोर्ट के शुरू होने से जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पड़ने वाला दबाव कम होगा। इससे यात्रियों को बेहतर और विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।साथ ही राज्य में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और रोजगार व व्यापार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इससे क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

