मोतिहारी में जहरीली शराब कांड में मृतकों की संख्या बढकर हुई सात, एक दर्जन बीमार

मोतिहारी में जहरीली शराब कांड में मृतकों की संख्या बढकर हुई सात, एक दर्जन बीमार
Facebook WhatsApp

पूर्वी चंपारण। जिले के रघुनाथपुर व तुरकौलिया थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब कांड ने भयावह रूप ले लिया है। शनिवार को इस मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग विभिन्न अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। लगातार हो रही मौतों से पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।

शनिवार को मरने वालों में हरदिया निवासी लवकिशोर राय और शंकरसरैया शेखशरण टोला के आलियास अंसारी शामिल हैं। इससे पहले जयसिंहपुर पुलवाघाट के चंदू प्रसाद, परसौना के प्रमोद यादव और परीक्षण मांझी, हरदिया के हरी भगत तथा बालगंगा के सम्पत साह की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि सम्पत साह शराब कारोबारी संजीत साह का बड़ा भाई था, जिसने उसी के यहां से शराब लाकर सेवन किया था।

जहरीली शराब पीने से लड्डू साह, विनोद साह, राहुल पासवान, लोहा ठाकुर और टुनटुन यादव की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने लड्डू साह और विनोद साह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर कर दिया है।

घटना के बाद बालगंगा, लक्ष्मीपुर गदरिया और परसौना गांव में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल की शाम परसौना और बालगंगा में लोगों ने शराब का सेवन किया था, जिसके बाद रात में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। शंकरसरैया उत्तरी पंचायत के मुखिया अशरफ आलम ने बताया कि आलियास अंसारी ने दो दिन पहले ही अपनी बेटी की शादी की थी। शनिवार को वह बैरिया बाजार स्थित एक भुजा दुकान पर गए, जहां उन्होंने शराब पी। दोपहर में हालत बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात खुद छापेमारी अभियान की निगरानी कर रहे हैं। सदर डीएसपी दिलीप सिंह ने बताया कि बैरिया बाजार से भुजा दुकानदार सुखाड़ी को शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब की जांच लैब में कराई जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि यह जहरीली खेप का हिस्सा है या नहीं।

फिलहाल, प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुटा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। मद्द निषेध विभाग के डीआईजी अजय कुमार पाण्डेय दो दिन से शहर में रहकर उत्पाद विभाग के अधिकारीयों के साथ जहरीली शराब के विरुद्ध कारवाई  एवं छापेमारी करा रहे है। उन्होंने तुरकौलिया थाना पर बैठकर  कई आदेश दिए। बैठक में एसपी स्वर्ण प्रभात, डीएसपी दिलीप सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी प्रियंका कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page