गैस वितरण में अनियमितता को लेकर भाकपा ने मोर्चा खोला
– कहा गैस की उपलब्धता का दावा हो गया है खोखला
सुगौली। प्रखंड क्षेत्र में घरेलू गैस वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर जनाक्रोश तेज हो गया है। सानू एलपीजी इंटरप्राइजेज के कर्मियों पर उपभोक्ताओं के साथ गड़बड़ी करने का गंभीर आरोप लगाते हुए भारत की कम्यूनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) क्षेत्रीय कमिटी, सुगौली ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंत्री एवं जिला सचिव मंडल सदस्य धनंजय पूरी तथा जिला कमिटी सदस्य व पूर्व मुखिया कामरेड एजाजूज हक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी नूतन किरण को लिखित आवेदन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा है कि सरकार और जिला प्रशासन बार-बार गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। आम जनता को गैस के लिए भटकना पड़ रहा है, जिससे उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि वितरण व्यवस्था में लापरवाही और मनमानी के कारण लोगों को समय पर गैस नहीं मिल रही है, जो सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के अधिकारों का उल्लंघन है।
सीपीआई(एम) ने बीडीओ से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा घरेलू गैस की होम डिलीवरी व्यवस्था को सख्ती से लागू कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी। इस संबंध में बीडीओ नूतन किरण ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर जल्द समाधान किया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

