कटिहार-मनिहारी फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा, खड़े बालू लदे ट्रक से टकराई स्कॉर्पियो, दंपती समेत तीन की मौत

कटिहार-मनिहारी फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा, खड़े बालू लदे ट्रक से टकराई स्कॉर्पियो, दंपती समेत तीन की मौत
Facebook WhatsApp

कटिहार। लोक आस्था के महापर्व छठ के पहले दिन (नहाय-खाय) शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे कटिहार-मनिहारी फोरलेन पर नारायणपुर कुतुबपुर के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में दंपती समेत तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई।इस हादसे में एक बच्ची और चालक समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मनिहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई इस दुर्घटना में सभी मृतक कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बैगना (बेगना) मोहल्ले के निवासी और आपस में पड़ोसी थे। मृतकों की पहचान बैगना निवासी शंभू सिंह (68 वर्ष), उनकी पत्नी उषा सिंह (65 वर्ष) और पड़ोसी मंजू रानी साहा (पति- इंदु साहा) के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी छह लोग छठ महापर्व के नहाय-खाय के अवसर पर पवित्र गंगा स्नान के लिए कटिहार से मनिहारी गंगा घाट जा रहे थे। नारायणपुर कुतुबपुर के पास तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे पहले से एक बालू लदा ट्रक खड़ा था। प्रारंभिक पुलिस जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक को झपकी आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया है।

वहीं, गंभीर रूप से घायल चालक और एक बच्ची सहित तीनों जख्मियों को तत्काल मनिहारी अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page