मोतिहारी शहर से एक चेन स्नेचर गिरफ्तार,स्नेचिंग में इस्तेमाल किया गया बाइक बरामद
मोतिहारी। शहर में दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है।
जबकि छीनी गई सोने की चेन की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के अगरवा मुहल्ला की एक महिला ने थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने घर के पास ही थी, तभी एक अज्ञात युवक अचानक पीछे से आया और उनके गले से सोने की चेन छीनकर तेज रफ्तार से बाइक पर सवार होकर फरार हो गया।
अचानक हुई इस वारदात से पीड़ित महिला सहित आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस हरकत में आ गई और थानाध्यक्ष राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया गया।
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक की गतिविधियां स्पष्ट रूप से सामने आईं, जिससे उसकी पहचान करने में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय सूचना तंत्र के सहयोग से पुलिस ने आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के बनिया पट्टी मुहल्ला निवासी उज्जवल राज के रूप में की।
पहचान होते ही पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया और अंततः गांधी चौक के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई।पुलिस के पूछताछ में आरोपी ने चेन स्नैचिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

