नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक गिरफ्तार,अदालत में कल होगे पेश
काठमांडू। नेपाल में बालेन्द्र सरकार शपथ ग्रहण के साथ पहले ही दिन से एक्शन में आ गई है। शपथग्रहण को अभी 24 घंटे भी नहीं हुए कि जेन जी प्रदर्शन के दौरान निहत्थे छात्रों की हत्या के आरोप में पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और तत्कालीन गृहमंत्री रमेश लेखक को गिरफ्तार कर लिया गया।बालेन्द्र की अध्यक्षता में हुई पहली कैबिनेट बैठक ने जेन जी आंदोलन की जांच के लिए गठित आयोग के सिफारिश को लागू करने का फैसला किया। आज सुबह सूरज निकलने से पहले पहले रमेश लेखक और बाद में पूर्व प्रधानमंत्री ओली को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच आयोग ने अपनी रिपोर्ट में ओली और लेखक के साथ पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और सेना के अधिकारियों को भी दोषी ठहराया है, लेकिन सुरक्षा बलों के खिलाफ फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं लेने का निर्णय लिया गया। सरकार ने एक समिति बनाकर इनकी भूमिका की जांच कराने का फैसला किया है। वही गिरफ्तारी के बाद प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को काठमांडू के शिक्षण अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्हें अस्पताल के ‘एनेक्स वन’ के 501 नंबर बेड पर रखा गया है।आज सुबह गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया था।
शुरुआत में उन्हें अस्पताल के ‘रेड जोन’ के 27 नंबर बेड पर रखा गया, जहां नेफ्रोलॉजी टीम के डॉक्टर रविन नेपाली सहित एक अन्य टीम ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। हृदय रोग विशेषज्ञों ने भी उनकी जांच की। अस्पताल के बयान के अनुसार, “रक्त परीक्षण, वीडियो एक्स-रे सहित विभिन्न जांचों के बाद ओली को एनेक्स वन के 501 नंबर बेड में भर्ती किया गया है।”
501 नंबर बेड वाले भवन में ओली को उनकी गाड़ी से ही ले जाया गया था। शिक्षण अस्पताल का 501 नंबर बेड किडनी प्रत्यारोपण वाले मरीजों के लिए आरक्षित रहता है। ओली किडनी प्रत्यारोपण करवा चुके हैं। उनका दो बार किडनी ट्रांसप्लांट भी हो चुका है।

