मोदी सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए गंभीर:राधा मोहन
-भाजपा महिला मोर्चा ने किया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन
मोतिहारी। भाजपा जिला कार्यालय, गांधी कॉम्प्लेक्स के सभागार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि हमारे देश में आज से नहीं बल्कि प्राचीन काल से ही नारी को एक बहुत महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। इस बात का प्रमाण हमारे धार्मिक ग्रंथों में भी देखने को मिलता है। प्राचीन ग्रंथों में तो नारी को देवी के समान पूजनीय माना गया है।
ग्रंथों में बताया गया है कि ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमंते तत्र देवता’ अर्थात जहां नारी का सम्मान किया जाता है, वहां देवता भी निवास करते हैं। श्री सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर काफी गंभीर है। नारी सशक्तिकरण का अर्थ महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक, और राजनीतिक रूप से स्वतंत्र और समर्थ बनाना है, ताकि वे अपने जीवन के फैसले ले सकें। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मरक्षा और वित्तीय आत्मनिर्भरता आवश्यक हैं, जिससे वे राष्ट्र निर्माण में समान भागीदारी निभा सकें।
विधायक प्रमोद कुमार ने कहा कि कोई भी समाज राज्य तब तक प्रगति की ओर नहीं बढ़ सकता है जब तक वह नारी के प्रति भेदभाव और हीन भावना का त्याग नहीं करेगा। इसलिए नारी का सम्मान बहुत जरूरी है। जिलाध्यक्ष पवन राज ने कहा कि नारी सशक्तिकरण का सही शब्दों में यह अर्थ होता है कि अपने स्वयं के निर्णय और अधिकार नारी खुद अपने दम पर ले सके।
इस अवसर पर राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन चौधरी,उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, मीना मिश्रा, संगीत चित्रांश, डॉ. हेना चंद्रा, पुतुल प्रिया, संध्या वर्मा, नीता सिन्हा, रंजना श्रीवास्तव, इलायची देवी, शोभा गुप्ता, प्रियंका नागवंशी, गुड्डी देवी, सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। जानकारी गुलरेज शहजाद जिला मीडिया प्रभारी ने दी है।

