चिरैया में अनियंत्रित ट्रैक्टर टेलीफोन के खंभे से टकराई, चालक सहित पांच घायल
सिकरहना। अनुमंडल अंतर्गत चिरैया प्रखंड मुख्यालय स्थित ब्लॉक रोड में गुरुवार की देर शाम एक तेज गति से आ रही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे टेलीफोन के खंभे से टकरा गई। इस दौरान ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़े चार व्यक्तियों को ठोकर मार दिया। जिसके कारण ट्रैक्टर के चालक सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल व निजी नर्सिंग होम में कराया जा रहा है। घायलों में चिरैया बाजार निवासी दीनानाथ राय(55) उनकी पत्नी मुनेश्वरी देवी(50), सेराज अंसारी(50) व मोहद्दीपुर गांव निवासी विशेश्वर राय(60) सहित ट्रैक्टर चालक विकास कुमार शामिल है। ट्रैक्टर चालक विकास कुमार मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत सरैया थाना क्षेत्र के गोसाई छपरा गांव निवासी विलास राम का पुत्र है। जो चिरैया से पुरनहिया तक बनने वाली सड़क के निर्माण में लगी कंपनी में ट्रैक्टर चलाने का काम करता है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के समय वह शराब के नशे में दीपही की ओर से तीव्र गति से ट्रैक्टर चलाते हुए आ रहा था। उसका कुछ बाइक वाले पीछा भी कर रहे थे। इसी क्रम में चिरैया बाजार स्थित कलाम जनरल स्टोर के समीप पहुंचते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बाइक को रौंदते हुए टेलीफ़ोन के खंभे से टकरा गई। यदि ट्रैक्टर पोल से नही टकराती तो घर में घुस जाती। जिसमें कई लोगों की जान जा सकती थी। इस प्रकार एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की खबर मिलते ही चिरैया पुलिस ने सभी घायलों को चिरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मोतिहारी रेफर कर दिया गया है। घायलों में विशेश्वर राय और ट्रैक्टर चालक विकास कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है। इधर थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि घटना में शामिल ट्रैक्टर को जप्त कर लिया गया है। घायलों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर कारवाई की जायेगी।

