बिहार के 1699 परीक्षा केन्द्रो पर 15.12 लाख मैट्रिक परीक्षार्थी आज से देगे परीक्षा
पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित मैट्रिक वार्षिक परीक्षा मंगलवार से पूरे राज्य में शुरू होगी। इस वर्ष परीक्षा के लिए कुल 15,12,687 परीक्षार्थियों ने फॉर्म भरा है, जिनमें छात्राओं की संख्या 7,85,726 और छात्रों की संख्या 7,26,961 है। परीक्षा को पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और स्वयं केंद्रों पर भ्रमणशील रहने का कड़ा निर्देश दिया है। परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों में मातृभाषा विषय (हिन्दी, बंगला, उर्दू एवं मैथिली) की परीक्षा राज्य के
कुल 1,699 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 09:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:45 बजे तक चलेगी, जिसमें 7,58,633 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। वहीं, द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:15 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें 7,54,054 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने और समझने के लिए प्रत्येक पाली में 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। बोर्ड ने समय पालन को लेकर सख्त गाइडलाइन जारी की है, जिसके तहत परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र के अंदर प्रवेश कर लेना अनिवार्य है। परीक्षा प्रारंभहोने के ठीक 30 मिनट पहले केंद्रों का मुख्य द्वार पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और देर से आने वाले किसी भी छात्र को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।
केंद्रों पर भीड़ से बचने के लिए परीक्षा शुरू होने के एक घंटा पूर्व से ही परीक्षार्थियों का प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर दो स्तर की फ्रिस्किंग (जांच), तीन स्तर पर मजिस्ट्रेट की तैनाती और चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गयी है। इसके अतिरिक्त, परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या मोबाइल फोन ले जाने पर वीक्षकों और कर्मियों पर भी रोक रहेगी। विशेष आवश्यकता वाले (दिव्यांग एवं नेत्रहीन) परीक्षार्थियों के लिए भी बोर्ड ने विशेष सुविधाएं प्रदान की हैं।

