पटना के फुलवारीशरीफ रेलवे स्टेशन पर झपटमारो ने एएसपी को किया घायल
पटना। बिहार की राजधानी में झपटमार बदमाशो ने दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया है। फुलवारीशरीफ रेलवे स्टेशन पर झपटमारों ने मोबाइल झपटकर बीएमपी-16 के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रेम चंद्र सिंह को रेलवे ट्रैक पर धकेल दिया।संयोग था कि उस वक्त कोई ट्रेन नहीं आ रही थी।इससे उनकी जान बच गई। हालांकि रेलवे ट्रैक पर गिरने के कारण वे बुरी तरह जख्मी हो गए।
बेहोशी की हालत में उन्हें एक निजी अस्पताल की आईसीयू भर्ती कराया गया।जहां उनका इलाज चल रहा है।दो दिन बाद होश आने पर पीड़ित प्रेम चंद्र सिंह ने पटना जीआरपी में एफआईआर दर्ज कराई है। जीआरपी ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।पीड़ित एएसपी प्रेमचंद्र सिंह मूलत: कैमूर जिला के रामगढ़ निवासी है।फिलहाल वे परिवार के साथ पटना के रूपसपुर स्थित एक अपार्टमेंट में रहते हैं और बीएमपी-16 के अपर पुलिस अघीक्षक (एएसपी) के पद पर तैनात हैं।
मिली जानकारी के अनुसार प्रेम चंद्र सिंह रोजाना की तरह 20 सितंबर की रात 9 बजे के करीब फुलवारीशरीफ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2-3 पर टहल रहे थे। इसी दौरान पीछे से दो-तीन बदमाश आए। मोबाइल झपटकर उनको रेलवे लाइन पर धक्का दे दिया। बाद में सभी बदमाश भाग गए।ट्रैक पर गिरने के बाद उन्हे गंभीर चोट लगी और वे बेहोश हो गए। बाद में आसपास के लोगों ने उनको राजाबाजार स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया और घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी।
इस दुस्साहसिक घटना में एएसपी का दाहिने बांह की हड्डी टूट गई है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। होश आने पर दो दिन बाद 22 सितंबर को उन्होंने जीआरपी में बयान दर्ज कराया। पीड़ित ने आशंका जाहिर की है कि उन्हें जान से मारने की नीयत से घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल रेल पुलिस स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से बदमाशों की पहचान करने में जुटी हुई है।

