शिक्षा समिति की बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यों से समिति सदस्य असंतुष्ट
– विद्यालयों के प्रगति प्रतिवेदन के प्रति विभाग पूरी तरह से उदासीनः ई. गप्पू राय
मोतिहारी। ईश्वर चन्द्र मिश्र, अध्यक्ष, शिक्षा समिति, जिला परिषद, पूर्वी चम्पारण की अध्यक्षता में शिक्षा समिति की बैठक जिला परिषदीय महात्मा गांधी सभा भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में समीक्षा के दौरान अध्यक्ष ने बताया कि शिक्षा समिति में पारित प्रस्तावों का अनुपालन काफी असंतोषजनक है और जिला शिक्षा पदाधिकारी बैठक को हल्के में लिया जाता है।
उन्होंने स्पष्ट तौर पर बताया कि बैठकों में पारित प्रस्तावों का अनुपालन नहीं कर भ्रामक प्रतिवेदन दिया जाता है तथा समिति को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया जाता है, जो चिन्ता का विषय है। बैठक में समीक्षा के क्रम में ई. शशि भूषण राय, उर्फ गप्पू राय ने बताया कि शिक्षा समिति द्वारा विगत कई बैठकों में कई अहम् प्रस्ताव लिये गये, परन्तु न तो उसका अनुपालन किया गया और न हीं समीक्षा हेतु कोई प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराया गया है। नतीजतन सरकार द्वारा जारी राशि के दुरूपयोग की भारी संभावना है।
समीक्षा के क्रम में कार्यक्रम पदाधिकारी के अनुसार पाया गया कि मध्याह्न भोजन जिले में लगभग 50 विधालयों में संचालित नहीं हो रहे हैं साथ हीं, एसएफसी के द्वारा ससमय चावल उपलब्ध नहीं कराने से मध्याह्न भोजन प्रभावित हो रहा है। फलस्वरूप श्री राय ने 2023-24 में चल रहे योजनाओं की सूची, प्राक्कलन एवं वित्तीय तथा भौतिक प्रगति की मांग की।

उन्होने विधालयों में आधार भूत संरचना में जो भी कार्य किये गये एवं आम चुनाव के समय 1655 विधालयों में एक-एक लाख की राशि उपलब्ध कराई गई थी, परन्तु बैठक में कोई लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं किया गया। इस मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी से जब पूछा गया तो उन्होंने दोनो मामलो से अलग बताते हुए पल्ला झाड़ लिए।फलस्वरूप श्री राय ने कड़ी आपत्ति जताते हुए जिलेभर के विधालयों में हो रहे असैनिक कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराने के लिए अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग को संसूचित करने की चेतावनी दी।
श्री राय ने स्पष्ट तौर पर निर्देश दिया कि जिले के विधालयों में रंग-रोगण एवं अन्य कार्य के लिए जो राशि अभी उपलब्ध कराई गई है, उससे एक मानक अनुरूप सामग्रियों का क्रय जीएसटी युक्त विपत्र से किया जाये। ई. शशि भूषण राय, उर्फ गप्पू राय ने नये सत्र में ज्ञानद्वीप पोर्टल पर गरीब छात्रों के नामांकन के लिए आवेदन के लिए वृहत् प्रचार-प्रसार की बात कही, ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्रों को सरकार की योजना का लाभ मिल सके।
बैठक में के सदस्य ई. शशि भूषण राय, उर्फ गप्पू राय, सुमन वर्मा, मो. नशीम अख्तर, मनोज कुमार सहनी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, साक्षरता, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन, प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखण्ड साधन सेवी, कनीय अभियंता, सहायक अभियंता एवं कार्यपालक अभियंता आदि उपस्थित थें।

