डीएम ने अरेराज अनुमंडल एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण के साथ ही बिंदुवार फाइलों की समीक्षा की
मोतिहारी। ज़िलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने गुरुवार को अरेराज अनुमंडल, अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की।
जबकि जनता से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए और क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं का जायजा लिया। उन्होने अनुमंडल कार्यालय के सभी कक्षों का निरीक्षण किया। वहीं जनता दरबार में प्राप्त हो रहे विभिन्न वादों के निष्पादन (निपटारे) की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
डीएम ने न्यायालय कार्यों की समीक्षा के क्रम में कानून-व्यवस्था और भूमि विवादों से जुड़े मामलों में धारा 163 के तहत की गई कार्रवाई और उनके निष्पादन की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की। इसके अतिरिक्त अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान ज़िला अधिकारी ने नाव चालकों (नाव चाली) के भुगतान से संबंधित काफी समय से लंबित समस्या का संज्ञान लिया और मौके पर ही इसके त्वरित निष्पादन का निर्धारण कराया।
– पर्यटन एवं विकास योजनाओं का जायजा
डीएम ने पर्यटन विभाग द्वारा अरेराज मंदिर परिसर के पास बनाए जा रहे गेस्ट हाउस निर्माण कार्य का भौतिक निरीक्षण किया और कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त केड़िया धर्मशाला के समीप निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज तथा बनने वाले नए गेस्ट हाउस के स्थल का निरीक्षण किया।

इस दौरान वहां आ रही बिजली की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला अधिकारी ने तुरंत इसका निदान कराया। उन्होने अरेराज क्षेत्र में हाल ही में अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी जमीनों की समीक्षा की, इस दौरान उन्होंने कहा कि उक्त खाली कराई गई जमीनों को नियमानुसार पात्र लोगों के बीच जल्द से जल्द बंदोबस्त करें।
निरीक्षण के दौरान सुजीत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अरेराज, पंकज मिश्रा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरेराज, पवन कुमार झा, अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी, अरेराज, आदित्य नारायण दीक्षित, प्रखंड विकास पदाधिकारी अरेराज, विनोद पांडेय, अंचलाधिकारी अरेराज, निखिल कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत अरेराज एवं पीयूष कुमार स्वच्छता पदाधिकारी नगर पंचायत अरेराज उपस्थित थे।

