रक्सौल के नागा मठिया में हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन
पूर्वी चंपारण। जिले के रक्सौल शहर के नागा रोड स्थित बाबा मठिया परिसर में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में समग्र हिन्दू उत्थान समिति, स्वामी विवेकानंद बस्ती रक्सौल नगर के तत्वावधान में हिन्दू सम्मेलन सह हनुमान आराधना का आयोजन किया गया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरा बाबा मठिया परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ आचार्य उमेश तिवारी के संयोजन में विधि-विधानपूर्वक हनुमान जी के पूजन एवं पंचोपचार से हुआ। इसके उपरांत भजन मंडली द्वारा गणेश वंदना, सस्वर सुंदरकांड पाठ तथा भजनों की प्रस्तुति दी गई।
द्वितीय सत्र में भारत माता के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर आरती उतारी गई। इसके पश्चात समिति के अध्यक्ष राकेश रंजन वर्मा ने संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर विभिन्न बस्तियों में आयोजित हो रहे हिन्दू सम्मेलनों की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

सम्मेलन को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर बिहार सह प्रांत संचालक राजकिशोर सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि हिन्दू समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता को समय की प्रमुख आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित हो रहे ऐसे सम्मेलन समाज को संगठित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही उन्होंने देश-दुनिया की नित बदलती परिस्थितियों के मद्देनजर संघ के शताब्दी वर्ष पर हिन्दू सम्मेलन की बढ़ती प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे। वहीं काली न्यास के पीठाधीश्वर श्री श्री 108 सेवक संजयनाथ ने साधु-संतों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए हिन्दू समाज के समग्र उत्थान का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री आनंद कुमार ने अपने उद्बोधन में हिन्दू की परिभाषा देते हुए कहा कि हिन्दू कोई मात्र पंथ या संप्रदाय नहीं, बल्कि एक जीवन-दर्शन है। जो व्यक्ति सत्य, अहिंसा, करुणा, सेवा, सहिष्णुता और राष्ट्रभाव को अपने आचरण में उतारता है, वही सच्चा हिन्दू है। हिन्दू होने का अर्थ समाज को जोड़ना, संस्कृति का संरक्षण करना और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना है।उन्होने कहा कि ऐसे कार्यक्रम से हिन्दू समाज संगठित होगा। जिससे न केवल सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण होगी बल्कि सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होने सामाजिक कुरीतियो,छुआछूत एवं जाति-भेद को समाप्त करने तथा पंच परिवर्तन (सामाजिक सद्भाव, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य पर विशेष बल दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेश रंजन वर्मा ने की, जबकि मंच संचालन अमरेंद्रम पाण्डेय ने किया। अंत में प्रसाद वितरण एवं समिति के सचिव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के भानुप्रताप जी, उत्तर बिहार सह प्रांत संचालक डॉ. (प्रो.) राजकिशोर सिंह, अवधेश सिंह, भारत विकास परिषद के रजनीश प्रियदर्शी, मनीष दूबे, भाजपा नेत्री सह काली सेना राष्ट्रीय प्रमुख पार्वती तिवारी, प्रो. चन्द्रमा सिंह, प्रो. जगदीश प्रसाद, गुड्डू सिंह, ईशांत पाण्डेय, राजू गुप्ता, चैतन्य कुमार, दुर्गेश कुमार, चंदन कुमार, मनोज कुमार, मनीष दूबे, विकास कुमार, हेमंत वर्णवाल, सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

