कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के कार्यक्रम में अव्यवस्था,पुलिस लाठीचार्ज से फैली दहशत

कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के कार्यक्रम में अव्यवस्था,पुलिस लाठीचार्ज से फैली दहशत
Facebook WhatsApp


पूर्वी चंपारण। जिले के रक्सौल एयरपोर्ट मैदान में आयोजित अनिरुद्धाचार्य महाराज की श्रीमद्भागवत कथा समारोह में रविवार काे उस वक्त अव्यवस्था फैल गई, जब अनिरुद्धाचार्य महाराज के आगमन के समय श्रद्धालुओं की भीड़ अचानक बेकाबू हो गई। प्रवेश द्वार पर श्रद्धालुओं का दबाव इतना बढ़ गया कि सुरक्षा इंतजाम ध्वस्त होते नजर आए।

कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं के अनुसार, जैसे ही अनिरुद्धाचार्य महाराज प्रवेश करने लगे, बड़ी संख्या में भक्त उनके दर्शन के लिए उसी गेट से अंदर घुसने लगे। देखते ही देखते हालात बिगड़ गए और लोहे का गेट उखड़ गया। भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास में पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई।
लाठीचार्ज के बाद भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान दो-तीन महिलाएं जमीन पर गिर पड़ीं और उन्हें हल्की चोटें आईं। वहीं भीड़ के दबाव में दो मासूम बच्चे अपनी मां से बिछड़ गए। बच्चों को ढूंढती मां की चीख-पुकार ने माहौल को और भी संवेदनशील बना दिया।
कथा पंडाल के भीतर हालात और भी चिंताजनक रहे। क्षमता से कहीं अधिक श्रद्धालु जमा हो गए, जिसके कारण कई लोग पास में खड़े ट्रकों पर चढ़कर कथा सुनने को मजबूर हुए।

श्रद्धालुओं का कहना है कि इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए न तो पर्याप्त प्रवेश व्यवस्था थी और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।
श्रद्धालुओं की मानें तो अगर समय रहते भीड़ प्रबंधन और वैकल्पिक प्रवेश व्यवस्था की जाती, तो इस तरह की स्थिति से बचा जा सकता था। घटना ने प्रशासनिक तैयारियों और आयोजन प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page