भाजपा में नवीन युग की शुरूआत, राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नवीन

भाजपा में नवीन युग की शुरूआत, राष्ट्रीय अध्यक्ष  बने नितिन नवीन
Facebook WhatsApp

-प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में मंगलवार को सौंपी जायेगी पूर्णकालिक जिम्मेदारी

नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हो गये। पार्टी सूत्रों के अनुसार मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में श्री नवीन को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी जायेगी। वह श्री जेपी नड्डा का स्थान लेंगे। नितिन नवीन भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। भाजपा मुख्यालय में सबसे युवा अध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर मंगलवार को होनेवाले कार्यक्रम के लिए तैयारियां तेज हो गयी हैं। अध्यक्ष के निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा के अवसर पर मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के मौजूद रहने का अनुमान है। चुनाव अधिकारी डॉ के. लक्ष्मण ने इस चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के बाद एक विज्ञप्ति में घोषणा की
कि इस पद के लिए केवल नितिन नवीन का पर्चा भरा गया और वह वैध पाया गया। इसके साथ ही मतदान प्रक्रिया की कोई आवश्यकता नहीं रह गयी है। श्री नवीन के पक्ष में नामांकन पत्र के 37 सेट जमा किये गये थे, जो जांच के उपरांत वैध पाये गये। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह, अमित शाह और नितिन गडकरी ने पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ निर्वाचन अधिकारी डॉ के लक्ष्मण को श्री नबीन के नाम के प्रस्ताव के पर्चे सौंपे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री किरन रिजीजू, धर्मेंद्र प्रधान, भूपेन्द्र यादव, हरदीप सिंह पुरी समेत कुछ अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता भी थे। डॉ. लक्ष्मण के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया 36 प्रदेशों में से 30 प्रदेशों में पार्टी अध्यक्षों के निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न होने के पश्चात प्रारंभ की गयी, जो न्यूनतम आवश्यक 50 प्रतिशत से अधिक है। निर्वाचन कार्यक्रम 16 जनवरी को जारी किया गया था। नामांकन के लिए सोमवार अपराह्न दो बजे से शाम चार बजे तक का समय निर्धारित किया गया था और शाम चार से पांच बजे के बीच नाम वापस लेने का समय था। उल्लेखनीय है,कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में अब तक 11 नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। इनमें लालकृष्ण आडवाणी तीन बार अध्यक्ष बने, जबकि राजनाथ सिंह ने दो बार यह जिम्मेदारी संभाली। नितिन नवीन सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page