विदेश में नौकरी देने के नाम पर 21.75 लाख का ठगी करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार
– रूस में बैठा भाई इंस्टाग्राम पर लोगों को देता था लालच, यहां भाई डाक्यूमेंट सहित लेता था पैसा
– कोलकाता की छोड़कर हाल ही में लखनऊ में बनाया था नया ठिकाना
मोतिहारी। रूस में बैठकर एक भाई इंस्टाग्राम के माध्यम से फर्जी आईडी बनाकर लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देता था और दूसरा भाई भारत में रहते हुए लोगों को फर्जी तरीके से फंसा कर पैसा उड़ा लेता था। ऐसे ही एक उत्तराखंड के साइबर ठग को मोतिहारी साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सद्दाम नामक साइबर ठग की गिरफ्तारी मोतिहारी साइबर पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। सद्दाम का भाई फैजान अंसारी रूस में रहकर इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर झूठा लालच देता था।उसके बाद सद्दाम हुसैन लोगों को गुमराह कर अपने जाल में फसता था और नौकरी के नाम पर पैसे उतारता था।
कोलकाता में बदनाम होने के बाद सद्दाम हाल में लखनऊ में अपना नया ठिकाना बनाया था। मोतिहारी साइबर थाने में 24 जून 2025 को 21.75 लाख की साइबर ठगी करने को लेकर एक एफआईआर दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस और टेक्निकल सेल ने सद्दाम को गिरफ्तार किया है।
साइबर पुलिस ने उसके पास से एक बांग्लादेशी पासपोर्ट, एक एप्पल कंपनी का लैपटॉप , 23 भारतीय पासपोर्ट , दो मोबाइल फोन, एक स्वाइप मशीन, 100 से अधिक एग्रीमेंट पेपर,एक स्कैनर सहित कई अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार मास्टरमाइंड सद्दाम मूल रूप से उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के महरौला तराई बिहार फाजलपुर का रहने वाला है,जो लखनऊ के कुर्सी रोड के सृष्टि अपार्टमेंट में नया ठिकाना बना लिया था।
पुलिस टीम में साइबर डीएसपी अभिनव पाराशर, कांड के आईओ इंस्पेक्टर मनीष कुमार , मुमताज आलम, सिपाही गौतम कुमार, आनंद कुमार भारती, नीरज कुमार शामिल थे।

