थावे माता भवानी के मंदिर में चोरी करने वाला यूपी का चोर गिरफ्तार, यूट्यूब पर वेब सीरीज ‘खाकी’ देख दिया चोरी की घटना को अंजाम
गोपालगंज। जिला के थावे स्थित सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां थावे भवानी के मंदिर से मां के सोने के मुकुट, हार व दान पात्र चुराने वाले उत्तर प्रदेश के चोर को पुलिस ने मंगलवार को थावे थाने के इटवा पुल के समीप से गिरफ्तार कर लिया।हालांकि चोरी गए आभूषणों की बरामदगी नहीं हो सकी है। यूट्यूब पर वेब सीरीज ‘खाकी’ देखने के बाद 17 दिसंबर की रात को थावे मंदिर में दो चोरों ने वारदात को अंजाम दिया था और खुद को बचाने के लिए कई अहम साक्ष्य मिटा दिए।
गिरफ्तार चोर की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमनिया थाना क्षेत्र के बेटावर कला गांव निवासी देवानंद राय के पुत्र दीपक राय के रूप में की गई है। उसके दूसरे साथी की गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के लिए सदर एसडीपीओ प्रांजल के नेतृत्व में पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश के गाजीपुर सहित अन्य जिलों के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है।
चोरी कांड का खुलासा करते हुए एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि गिरफ्तार चोर के पास से मंदिर में चोरी के दौरान ताला काटने में प्रयुक्त कटर बरामद किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने वह जूता भी जब्त किया है, जिसे आरोपी ने 11 दिसंबर को रेकी के दौरान पहना था। घटना के समय पहने गए भूरे रंग के जैकेट को भी जब्त किया गया है।

