एनआईए ने पूर्वी चंपारण में तीन जगहो पर की छापेमारी,एक गिरफ्तार
-सात साल पूर्व मर चुकी महिला के खाते से करोड़ो के अवैध लेनदेन व हवाला मामले में हुई कारवाई
-मृतका का पति गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण। जिले में रविवार की सुबह एनआईए की टीम ने तीन जगहो पर छापेमारी की है।राष्ट्रीय जांच एजेंसी(एनआईए) की एक टीम ने चकिया थाना क्षेत्र के कोयला बेलवा गांव में पहुंची और कारवाई शुरू की। वहीं आदापुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग जगह पर छापेमारी की गई। मामला साइबर फ्रॉड, नकली नोट और हवाला कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक चकिया में कोयला बेलबा गांव में एनआईए की टीम नारायण पाठक के घर पहुंची। नारायण पाठक की बेटी प्रियंका की शादी नेपाल के रहने वाले धीरज तिवारी से हुई थी। प्रियंका की मौत के बाद भी उसके खाते से करोड़ों के लेनदेन होने की बात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक एनआईए की टीम ने धीरज को गिरफ्तार कर लिया। घरवालों के फोन जब्त कर लिए गए हैं और पूछताछ की जा रही है। एनआईए की 10 सदस्यीय टीम रेड में शामिल है। साथ ही छापेमारी के दौरान चकिया एसएसपी संतोष सिंह, चकिया थानाध्यक्ष, पिपरा थानाध्यक्ष, मेहसी थाना और जय बजरंग थाना की पुलिस मौके पर मौजूद रही। बताता गया है कि जांच एजेंसी को कई अहम जानकारी मिली है जिससे कई सफेदपोश के बेनकाब होने की आशंका है, माना जा रहा है कि जिले के कुछ अन्य इलाके में भी एनआईए की दबिश हाल के दिनों में हो सकती है।

