सोनबरसा में 20 लीटर देशी चुलाई शराब के साथ कारोबारी गिरफ्तार, बाइक जब्त
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर हरसिद्धि पुलिस ने सोनबरसा स्थित इंडेन गैस एजेंसी के समीप छापेमारी कर एक शराब कारोबारी को 20 लीटर देशी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से शराब ढोने में इस्तेमाल की जा रही टीवीएस स्पोर्ट बाइक को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार कारोबारी की पहचान सोनबरसा गांव निवासी चंद्रिका साह के पुत्र सतेन्द्र साह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनबरसा में एक व्यक्ति बाइक से देशी चुलाई शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इंडेन गैस एजेंसी के समीप घेराबंदी की।
इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के क्रम में बाइक पर रखी 20 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने टीवीएस स्पोर्ट बाइक बीआर05बीजी-326720 को भी जब्त कर लिया।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार शराब कारोबारी से पूछताछ की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

