मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न मंत्रिमंडल की बैठक में 34 प्रस्तावों पर मुहर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न मंत्रिमंडल की बैठक में 34 प्रस्तावों पर मुहर
Facebook WhatsApp

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार शाम संपन्न मंत्रिमंडल की बैठक में किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अंचल में 11.884 डिसमिल बिहार सरकार की भूमि पर एसएसबी की 19वीं एवं 41वीं वाहिनी के वॉच टावर निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति सहित कुल 34 एजेंडों पर मुहर लगाई गई।

इसके अलावे नालंदा के इस्लामपुर में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से मौजा-ब्रहगांवा में 564.37 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए 382.23 करोड़ की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति प्रदान की गई है।

केंद्र प्रायोजित अमृत 2.0 मिशन के तहत पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794.32 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे शहर में स्वच्छ एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

ग्राम कचहरियों को और अधिक सशक्त एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। राज्य की प्रत्येक ग्राम कचहरी के प्रशासनिक व्यय की वार्षिक राशि 4,000 से बढ़ाकर 1 अप्रैल 2027 से 24,000 करने की स्वीकृति दी गई है, जिससे ग्राम कचहरियों के सुचारु संचालन और स्थानीय न्याय व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

समस्तीपुर में औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए खानपुर अंचल के तीन मौजों में कुल 480 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए 261.92 करोड़ की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही शेखपुरा में भी औद्योगिक विस्तार का मार्ग प्रशस्त करते हुए चेवाड़ा अंचल के तीन मौजों में कुल 250 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए 62.37 करोड़ की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) पटना में क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के लिए 64 शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, कल्याण विभाग के अंतर्गत बिहार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण पदाधिकारी संवर्ग के 17 नए पदों को भी स्वीकृति मिली है। साथ ही, मेडिकल कॉलेजों में नियुक्तियों के लिए ‘बिहार मेडिकल फिजिसिस्ट सह रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर सेवा संवर्ग नियमावली 2026’ और ‘बिहार प्रोस्थेटिक एवं ऑर्थोटिक्स गैर-शैक्षणिक संवर्ग नियमावली 2026’ के गठन को स्वीकृति प्रदान की गई है।

राज्य की अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक सुधार लाने और उच्च आर्थिक वृद्धि हासिल करने के लिए ‘बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद’ के गठन को मंजूरी दी गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में केंद्र प्रायोजित ‘प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना’ को 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक विस्तार देते हुए इसके लिए 164 करोड़ 51 लाख 60 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही ‘बिहार खनिज नियमावली 2026’ को भी स्वीकृति मिली है।

राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए ‘राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका 2026’ को स्वीकृति दी गई है, जिसके तहत मान्यता प्राप्त खेल संघों को प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु सरकारी अनुदान मिलेगा।

बिहार कैबिनेट की बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 11 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया है।

बर्खास्त किए गए डॉक्टरों में डॉ अनामिका कुमारी सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल, सहरसा, डॉ. राकेश कुमार निराला: विशेष चिकित्सा पदाधिकारी, डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित: सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी, डॉ. गोपीनाथ भगत: चिकित्सा पदाधिकारी (स्त्री रोग), सदर अस्पताल, भागलपुर, डॉ. अमित कुमार: सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी, भागलपुर, डॉ. रवि रंजन: चिकित्सा पदाधिकारी, डॉ. मोहम्मद शाहनवाज कौसर: चिकित्सा पदाधिकारी, सुपौल, डॉ. सुमित कुमार: चिकित्सा पदाधिकारी, भागलपुर, डॉ. प्रसून दिवाकर: सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी, डॉ. रेखा कुमारी: चिकित्सा पदाधिकारी, मधेपुरा, ,डॉ. अरुण कुमार: चिकित्सा पदाधिकारी, सहरसा प्रमुख हैं।

बैठक में पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को यूपीएससी , बीपीएससी और रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑफलाइन तैयारी कराने के लिए राज्य सरकार ने 31 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अंतर्गत ‘कल्याण लिपिक संवर्ग नियमावली 2026’ को स्वीकृति प्रदान की गई है।

बिहार में ट्रेड सेंटर, वाणिज्यिक भवन, कार्यालय और आवासीय भवनों के विकास के लिए एनबीसीसी इंडिया लिमिटेड, दिल्ली के साथ समझौते को ‘बिहार वित्त संशोधन नियमावली 2024’ के अंतर्गत मंजूरी दी गई है।

पटना के लोदीपुर में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) मुख्यालय भवन के निर्माण कार्य की अवधि को 1 साल के लिए विस्तारित किया गया है।

कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने कहा की पहली बार ई कैबिनेट बैठक हुई है। ई कैबिनेट से कागज और समय की बचत होगी। टैब पर 2 करोड़ की राशि खर्च हुई है जो 6-7 महीने में ही वसूल हो जाएगी।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता की, जिसके साथ ही राज्य में पहली बार ई-कैबिनेट व्यवस्था की शुरुआत हो गई है। अब कैबिनेट की पूरी कार्यप्रणाली पूरी तरह डिजिटल, पेपरलेस और नई तकनीक से लैस होगी। बैठक के बाद सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर मुहर लगाए जाने की जानकारी साझा की।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page