तुरकौलिया में रुपये के लेन-देन में खूनी संघर्ष, तलवार से हमले में अधेड़ की मौत, पिता-पुत्र समेत 4 घायल
– 15 नामजद, चार गिरफ्तार
-पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंपा
तुरकौलिया।थाना क्षेत्र के तुरकौलिया पूर्वी पंचायत के कवलपुर कान्ही टोला में रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मारपीट में एक पक्ष के पिता-पुत्र सहित चार लोग जख्मी हो गए। जिसमें एक अधेड़ की इलाज के दौरान मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। मृतक उसी गांव के किसनाथ साहनी था।
घायलो में मृतक की पत्नी उषा देवी, पुत्र रंजेश कुमार, सचिन कुमार व अभिनंदन कुमार शामिल हैं। सभी का इलाज अस्पताल में कराया गया। मृतक के शव को परिजन अस्पताल से लाकर रात में ही हमलावरों के दरवाजे पर रख दिया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। मामले में जख्मी रंजेश कुमार ने थाने में आवेदन देकर कहा है कि उसकी मां उषा देवी अपने पड़ोसी रवि कुमार को उधार दिए गए रुपये मांगने उसके घर गई थी। जहां उसे गाली-गलौज देते हुए उसके साथ मारपीट किया गया। हल्ला सुनकर जब वे सब गए तो हमलावरों ने उसके पिता पर तलवार से हमला कर दिया। जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हमले में उसके अलावा उसका भाई सचिन कुमार, अभिनंदन कुमार भी जख्मी हुआ है। गंभीर रूप से जख्मी किसनाथ साहनी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले में रवि कुमार, रामपति देवी, कृष्णा साहनी, मनोज साहनी, मोहन साहनी, शिव कुमार, रामाधार साहनी, टुना साहनी, राहुल कुमार, सचिन कुमार, नीरज कुमार, राकेश कुमार, राजकुमार साहनी, विकास कुमार, नरेश साहनी को आरोपित किया गया है।
सूचना पर डीएसपी दिलीप कुमार, थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों को आश्वासन दिया कि न्याय दिलाया जाएगा। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि हमलावर रवि कुमार, कृष्णा साहनी, मनोज साहनी व मोहन साहनी को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही अन्य पांच को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिए गए है।

