विधायक बबलू गुप्ता ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया
-पांच दिनों तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान, 128 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पिलाएंगी दवा
सुगौली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुगौली के प्रांगण में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। सुगौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता ने छोटे बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की।इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रदीप सराफ भी उपस्थित थे।
अभियान के तहत प्रखंड क्षेत्र में 22 से 26 नवंबर तक लगातार पांच दिनों तक शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यापक तैयारी की गई है। प्रखंड क्षेत्र में कुल 128 टीकाकर्मी दल गठित किए गए हैं, जिनकी निगरानी के लिए 28 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। सभी टीमें निर्धारित माइक्रोप्लान के अनुसार घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाएंगी।
अभियान के दौरान नवजात शिशुओं और प्रवासी परिवारों के बच्चों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए। साथ ही सभी टीकाकर्मी दलों को नियमित रिपोर्टिंग, वैक्सीन की गुणवत्ता और कोल्ड चेन का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। पर्यवेक्षक प्रतिदिन टीकाकरण कार्यों की निगरानी एवं समीक्षा करेंगे।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक प्रेरक, प्रखंड मूल्यांकन एवं अनुसरण सहायक, डाटा ऑपरेटर, एएनएम, स्वास्थ्यकर्मी एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद थे। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
अभियान का मुख्य उद्देश्य पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखते हुए सुगौली को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाना है।

