ऑडियो वायरल होने के बाद सुगौली थाने के दरोगा शैलेश कुमार निलंबित

ऑडियो वायरल होने के बाद सुगौली थाने के दरोगा शैलेश कुमार निलंबित
Facebook WhatsApp

-चार हजार रुपये लेकर केस रफा-दफा करने और महिला से आपत्तिजनक बातचीत का आरोप 

-एसपी ने 24 घंटे में मांगी जांच रिपोर्ट

सुगौली। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो कॉल रिकॉर्डिंग वायरल होने के बाद सुगौली थाना में पदस्थापित दरोगा शैलेश कुमार पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है।

वायरल ऑडियो में कथित तौर पर जमीन विवाद से जुड़े मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और मामले को रफा-दफा करने के एवज में चार हजार रुपये लेने तथा महिला से आपत्तिजनक बातचीत करने का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पूर्वी चंपारण की ओर से 17 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वायरल ऑडियो की गंभीरता को देखते हुए सुगौली के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पु.नि.मुन्ना कुमार से मामले की जांच कराई गई।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि 7 अक्टूबर 2026 को एक महिला ने जमीन विवाद के संबंध में झोपड़ी में आग लगाने एवं तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया था। इस मामले की जांच पु.अ.नि./516 शैलेश कुमार द्वारा की जा रही थी। जांच में सामने आया कि उक्त मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और मामले को रफा-दफा करने के एवज में चार हजार रुपये लेने से संबंधित बातचीत ऑडियो में मौजूद है।

नतीजतन, प्रथम दृष्टया इस मामले में दरोगा शैलेश कुमार की संलिप्तता प्रतीत होती है। उनके इस आचरण को विभागीय अनुशासन एवं नियमों के प्रतिकूल मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया है। जबकि मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रक्सौल को विस्तृत जांच कर 24 घंटे के अंदर जांच प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page