कृति ने राज्यस्तरीय तलवारबाजी में जीते दो गोल्ड, जिले का नाम किया रोशन
-रघुनाथपुर के शिक्षक सुधाकर की पुत्री है कृति
-28 नवंबर से पंजाब मे आयोजित राष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिता मे लेगी भाग
तुरकौलिया। मोतिहारी की बेटी कृति ने राज्यस्तरीय तलवारबाजी चैम्पियनशिप प्रतियोगिता 2026-27 में गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन कर दिया है। पटना खेल भवन में 11 व 13 नवंबर को आयोजित प्रतियोगिता में कृति ने कामयाबी का डंका बजाया है।
कृति रघुनाथपुर मोहल्ले के शिक्षक सुधाकर कुमार सिंह की पुत्री है। मूलतः संग्रामपुर प्रखंड के परसौना गांव के रहने वाले हैं सुधाकर। कृति के पिता घुसियार स्कूल में प्रभारी हेडमास्टर के पद पर कार्यरत हैं। कृति आर्य विद्यापीठ बालगंगा स्कूल में इंटरमीडिएट की छात्रा है।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की टीम की ओर से प्रतियोगिता में शामिल होकर कृति ने जूनियर ऐपी गर्ल्स व सीनियर ऐपी गर्ल्स दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल जीता है। एक ही प्रतियोगिता में दो-दो गोल्ड जीतना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
अब कृति 28 नवंबर से पंजाब में होने वाली राष्ट्रीय तलवारबाजी चैम्पियनशिप में भाग लेगी। जहां से भी जिलेवासियों को उससे पदक की उम्मीद है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण टीम के कोच राकेश कुमार ने बताया कि कृति पूरी एकाग्रता व विश्वास के साथ खेलती है।
उसमें राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने की पूरी क्षमता है। उसकी इस कामयाबी पर रघुनाथपुर के पूर्व मुखिया अमिता राजन, विनय कुमार सिंह, संग्रामपुर मुखिया संघ के अध्यक्ष रवि सिंह सहित अन्य ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सभी ने कृति को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

