मोतिहारी नगर निगम अंतर्गत छठ घाटों की सुंदरता लोगों को कर रही आकर्षित

मोतिहारी नगर निगम अंतर्गत छठ घाटों की सुंदरता लोगों को कर रही आकर्षित
Facebook WhatsApp

-महापौर के निर्देश पर निगम कर्मी युद्ध स्तर पर घाटों को सुसज्जित करने में कामयाब 

मोतिहारी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर मोतिहारी नगर निगम द्वारा शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता, सुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर व्यापक स्तर पर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। महापौर  प्रीति कुमारी के निर्देशानुसार नगर आयुक्त  आशीष कुमार के नेतृत्व में नगर निगम के पदाधिकारीगण एवं संबंधित कर्मी शहर के सभी वार्डों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर सक्रिय हैं।

छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए नगर निगम क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग एवं पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। घाटों पर रोशनी की समुचित व्यवस्था के उद्देश्य से वार्ड जमादारों के माध्यम से विशेष सहयोग राशि भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसी क्रम में नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों के गली-मोहल्लों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों पर सुबह एवं रात्रि में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, फॉगिंग एवं अन्य आवश्यक कार्यों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। सफाई व्यवस्था की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नगर निगम के पदाधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

इसके अतिरिक्त, शहर को स्वच्छ एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से सार्वजनिक स्थलों पर वॉल पेंटिंग एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इन प्रयासों के माध्यम से न केवल पर्व के दौरान बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने, बल्कि शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता को भी नई पहचान देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

महापौर के निर्देश एवं नगर आयुक्त आशीष कुमार के नेतृत्व में नगर निगम की पूरी टीम छठ महापर्व को लेकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने हेतु लगातार प्रयासरत है। महापौर ने कहा है कि नगर निगम का उद्देश्य है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन हो तथा छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

उन्होने सभी शहरवासियों से भी स्वच्छता बनाए रखने एवं पर्व के दौरान प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page