‘नीतीश सेतु’ बिहार के विकास और कनेक्टिविटी को नई गति देगा : संजय सरावगी

‘नीतीश सेतु’ बिहार के विकास और कनेक्टिविटी को नई गति देगा : संजय सरावगी
Facebook WhatsApp

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुल का नामकरण किए जाने पर मुख्यमंत्री और राजग सरकार के प्रति जताया आभार- 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे छह लेन पुल का उद्घाटन

पटना।बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का नामकरण ‘नीतीश सेतु’ किए जाने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।

शुक्रवार को उन्होंने कहा कि यह निर्णय बिहार के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले नेतृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक है। ‘नीतीश सेतु’ राज्य की विकास यात्रा में नई पहचान बनेगा और आधुनिक बुनियादी ढांचे की मजबूत कड़ी साबित होगा।

सरावगी ने कहा कि भाजपा और राजग सरकार की प्राथमिकता बिहार को विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और समृद्धि के नए आयामों तक पहुंचाना है। कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को सुगम बनाएगा। इससे न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि व्यापार, कृषि, उद्योग और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बिहार के विकास को नई गति और समृद्धि को नया आयाम देने के उद्देश्य से 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार आएंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री इस महत्वाकांक्षी छह लेन ‘नीतीश सेतु’ को बिहारवासियों को समर्पित करेंगे।

यह राज्य के लिए गौरव का क्षण होगा।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में राजग सरकार बिहार को विकसित राज्य बनाने के संकल्प के साथ निरंतर काम कर रही है। ‘नीतीश सेतु’ इसी संकल्प, विकास के प्रति प्रतिबद्धता और बिहार के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page