जनसुराज ने नव निर्वाचित निर्दलीय विधान पार्षद बंशीधर बृजवासी और राहुल राज की सदस्यता रद्द करने की मांग

जनसुराज ने नव निर्वाचित निर्दलीय विधान पार्षद बंशीधर बृजवासी और राहुल राज की सदस्यता रद्द करने की मांग
Facebook WhatsApp

पटना। जन सुराज के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना के नेतृत्व में बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति प्रो. डॉ. रामवचन राय से मुलाकात की।प्रतिनिधिमंडल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित विधान पार्षद बंशीधर बृजवासी और राहुल राज के भाजपा में शामिल होने पर उनकी विधान परिषद की सदस्यता रद्द करने की मांग की और ज्ञापन सौंपा।

किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि हमारे प्रतिनिधिमंडल ने सभापति से मुलाकात कर पूरे प्रकरण से अवगत कराया। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित निर्दलीय विधान पार्षद बंशीधर बृजवासी और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित निर्दलीय विधान पार्षदराहुल राज ने चुनाव जीतने के 72 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

संविधान की दसवीं अनुसूची के प्रावधानों के अनुसार, यदि कोई निर्दलीय निर्वाचित सदस्य चुनाव जीतने के बाद किसी राजनीतिक दल की सदस्यता ग्रहण करता है, तो उसकी सदस्यता समाप्त की जा सकती है। इसे लेकर प्रतिनिधिमंडल ने सभापति महोदय से मुलाकात की और उनसे इस पूरे प्रकरण पर संज्ञान लेते हुए संबंधित पक्ष को नोटिस जारी करने की मांग की।

कहा कि मामले में भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार, मुख्य सचिव और संबंधित आयुक्त को भी पक्षकार बनाया है। हमने मांग की है कि बंशीधर बृजवासी और राहुल राज द्वारा भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने से संबंधित साक्ष्यों पर उचित कार्रवाई की जाए। दोनों नेताओं ने स्वयं सार्वजनिक रूप से भाजपा में शामिल होने और पार्टी की सदस्यता लेने की बात स्वीकार की है।

हमने पेन ड्राइव के माध्यम से सभी जरूरी साक्ष्य सभापति को सौंपे हैं। इनमें समाचार पत्रों में प्रकाशित बयान, मीडिया में दिए गए उनके बयान और अन्य संबंधित साक्ष्य शामिल हैं। सभापति ने हमें आश्वासन दिया है कि वे मामले में कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेंगे और नियमानुसार उचित कार्रवाई करेंगे।

पूर्व विधान पार्षद रामबली सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि हमने सभापति के समक्ष अपनी बात रखते हुए कहा कि यदि न्याय मिलने में देरी होती है, तो इससे न्याय मिलने की उम्मीद भी कमजोर होती है। इस पर सभापति महोदय ने हमें भरोसा दिलाया कि यह एक गंभीर मामला है और वे सभी आवश्यक कानूनी एवं संवैधानिक मंचों का इस्तेमाल करते हुए इस पर उचित कार्रवाई करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिनिधिमंडल द्वारा याचिका के साथ सभी साक्ष्य प्रस्तुत किए गए हैं और वे निश्चित रूप से इस मामले में कार्रवाई करेंगे।मौके पर जन सुराज के प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना, पूर्व एमएलसी रामबली चंद्रवंशी, सुभाष कुशवाहा, तेज नारायण सहनी, सुरेश पटेल, ओबैदुर रहमान सहित अन्य मौजूद थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page