56 करोड़ की साइबर ठगी की साजिश नाकाम, अंतरराष्ट्रीय गैंग के 9 बदमाश गिरफ्तार
– गैंग का कनेक्शन दुबई से, 30 प्रतिशत कि कमीशन पर करते थे काम
– टारगेट में कारपोरेट अकाउंट, बैंककर्मी से अकाउंट की लेते थे जानकारी
– शिवहर सहित जिले के हर क्षेत्र के बदमाश गैंग में शामिल
मोतिहारी। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई हुई है । पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र से पुलिस ने साइबर ठगी के एक अंतर्राष्ट्रीय गैंग के 9 अपराधी को गिरफ्तार किया है।
उक्त गैंग आम आदमी के खाते की जगह लिमिटेड और कार्पोरेट अकाउंट्स को टारगेट करते थे। बताया गया है कि 12 अक्टूबर की रात कैंप सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड के अकाउंट का 56 करोड़ की राशि को उड़ा लेने की योजना थी जिसपर अब पानी फिर गया है।
बताते है कि मोतिहारी साइबर थाना की पुलिस ने एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर नौ संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1 लैपटॉप , 10 मोबाइल फोन , 2 चार पहिया गाड़ी समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अपराधी जिले के तकरीबन हर क्षेत्र से हैं। जिसमें शिवहर जिले के खरौना सुंदरपुर का अरविंद कुमार , पकडीदयाल मजार का आनंद किशोर , शिवहर चिकनौटा का रामनाथ ठाकुर, पताही गोनाही का निरंजन यादव उर्फ नीरज कुमार , शिवहर खुटौना का मनोरंजन कुमार , कल्याणपुर देवपुर का संतोष राम , तुरकौलिया बकासवा बिजलपुर का संदीप कुमार , पहाड़पुर थाने के बाजपेई टोला कोटवा का विजय कुमार , सुगौली भरवलिया का पप्पू जायसवाल शामिल है।
पुलिस कप्तान ने बताया है कि साइबर अपराधी अज्ञात बैंककर्मियों की मदद से कॉरपोरेट बैंक खातों की गोपनीय जानकारी हासिल करते थे। इसमें खाताधारकों का नाम, यूजर आईडी, मोबाइल नंबर और बैंक खाते में उपलब्ध राशि का विवरण शामिल था। इसके बाद अपराधी संबंधित मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजकर बैंकिंग खाते को हैक कर लेते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओटीपी के जरिए नेट बैंकिंग में लॉगिन करते थे और फिर रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर की मदद से दुबई में बैठे साइबर अपराध के आकाओं के खातों में रकम ट्रांसफर कर देते थे।
इसके बाद दुबई में बैठे अपराधी ट्रांसफर की गई राशि का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा काटकर बाकी रकम को यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से अलग-अलग खातों में मंगवाते थे। बाद में इस रकम को नकद या अपने बैंक खातों में प्राप्त किया जाता था।
पुलिस ने मामले को लेकर साइबर थाना में कांड संख्या 153/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कारवाई शुरू की है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है।पुलिस टीम में एएसपी सह प्रभारी एसएचओ साइबर थाना सुनील कुमार, अपर थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर राजीव कुमार, सब इंस्पेक्टर प्रत्यूष कुमार विकी, शिवम सिंह सहित सशस्त्र बल शामिल थे।

