विद्युत करंट से किशोर की मौत , परिजन बदहवास
– रिशु ननिहाल में रहकर करता था पढ़ाई
कोटवा। थाना क्षेत्र अंतर्गत बडहरवा कला पश्चिमी पंचायत के वार्ड नंबर-2 में शनिवार की सुबह बिजली के करंट की चपेट में आने से 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल महतो के पुत्र रिशु कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार ऋषु घर के अंदर स्टैंड फैन का तार ठीक कर रहा था ,इस दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।सूचना मिलने पर डायल-112 के अधिकारी अजय कुमार व चालक मनोज सिंह मौके पर पहुंचे। वहीं थाना से एसआई प्रभात कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। इस घटना की जानकारी मिलने पर कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे।
बताया जाता है कि रिशु अपने ननिहाल बडहरवा कला पश्चिमी पंचायत के वार्ड नंबर-2 निवासी भुलन महतो के यहां रहकर पढ़ाई करता था। वह अपने माता पिता का एकलौता संतान था।उसका पैतृक घर पश्चिम चंपारण जिला के श्रीनगर थाना नौतन में बताया गया है। घटना की सूचना पर पहुंचे माता-पिता किशोर के शव को अपने पैतृक गांव ले गए। इस घटना से ओर गांव में दुख और गम का आलम है।

