रघुनाथपुर में बस ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौत के बाद सड़क जाम
– ठेला से शव ले जाने पर भड़के परिजन
-रघुनाथपुर बस स्टैंड के समीप हादसा, बाइक सवार युवक बस चालक ने रौंदा
-करीब तीन घंटे तक आवागमन रहा बाधित
– एसपी ने दिए जांच के आदेश
मोतिहारी। रघुनाथपुर बस स्टैंड के समीप शनिवार को तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को सामने से रौंद दिया। नतीजतन हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के मठवा गांव निवासी नथुनी साह के पुत्र उमेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमेश बाइक से घर से पकड़ीदयाल के सिरहा गांव गोभी का बिचड़ा लाने जा रहा था। इसी दौरान बस स्टैंड के समीप सामने से आ रही मां भवानी बस ने उसे टक्कर मार दी।
वहीं सूचना मिलने पर रघुनाथपुर थाने की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शव को एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजने के बजाए ठेला पर लादकर ले जाना शुरू कर दिया। फलस्वरूप मृतक के परिजन और स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने शव को बस स्टैंड के समीप सड़क पर रखकर जाम कर दिया।
परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शव को इस तरह ठेला पर ले जाना मानवता को शर्मसार करने वाली पहल है। मृतक के पड़ोसी व वार्ड सदस्य चंदन सिंह कुशवाहा ने आरोप लगाया कि यदि उमेश को समय पर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
सड़क जाम की सूचना पर सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद जाम हटाया गया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जाम के कारण करीब तीन घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मां भवानी बस को जब्त कर लिया है। बस चालक रवि कुमार सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह पहाड़पुर थाना क्षेत्र के लखनीपुर गांव का रहने वाला बताया गया है। मामले की जांच का आदेश एसपी स्वर्ण प्रभात ने दी है।

