मुंबई में 13 संदिग्ध बांग्लादेशी गिरफ्तार, फर्जी आधार-पैन बनाने का खुलासा
मुंबई। मुंबई पुलिस ने खार और जुहू पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में 13 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये कार्रवाई 29 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच मुंबई और नालासोपारा में की गई।इस मामले की छानबीन जारी है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि खार पुलिस ने 29 सितंबर को छह बांग्लादेशी नागरिकों को किया। जांच में उनके पास भारत में रहने के वैध दस्तावेज नहीं होने की बात सामने आई। इस मामले में गिरफ्तार 35 वर्षीय इकबाल शेख पर पुलिस को संदेह है कि वह बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत आने-जाने, रहने और रोजगार की व्यवस्था कराने के साथ फर्जी भारतीय पहचान दस्तावेज उपलब्ध कराने में मदद करता था।
पुलिस के मुताबिक, शेख के मोबाइल फोन से अलग-अलग नामों पर जारी करीब 40 आधार और पैन कार्ड की तस्वीरें, क्यूआर कोड और डिजिटल ट्रेन टिकट मिले हैं। उसके घर से करीब 20 आधार कार्ड भी बरामद किए गए हैं, जिनकी प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। एक बांग्लादेशी बांग्लालिंक सिम कार्ड भी मिला है। खार पुलिस ने इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 की धारा 24 के तहत मामला दर्ज किया है।दूसरी कार्रवाई में जुहू पुलिस के एंटी-टेररि’म सेल ने 1 अक्टूबर को तड़के नालासोपारा पूर्व के मोरेगांव इलाके की एक चाल में छापा मारा। वहां सात लोग मिले, जिनमें एक पुरुष, चार महिलाएं और दो छोटे ब’चे शामिल थे। पूछताछ में उन्होंने खुद को बांग्लादेश के नरेल और खुलना जिलों का निवासी बताया।
पुलिस के अनुसार उन्होंने बिना वैध यात्रा दस्तावेज और सरकारी अनुमति के भारत आने की बात स्वीकार की है। जुहू पुलिस ने उनकी नागरिकता से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी एफआरआरओ और डीसीपी, स्पेशल ब्रांच-1 को सौंप दी है। संबंधित एजेंसियां आवश्यक सत्यापन के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगी।

